अप्रैल 2026 से अप्रैल 2027 तक मनाया जाएगा महात्मा ज्योतिबा फुले का 200वां जयंती वर्ष
महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित करवाने वाले एनजीओ व शिक्षण संस्थानों को दी जाएगी अनुदान राशि

सोनीपत,(अनिल जिंदल)18 फरवरी। उपायुक्त सुशील सारवान ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा राष्ट्र को संबोधित करते हुए महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती वर्ष मनाने की घोषणा की थी। यह जयंती वर्ष अप्रैल 2026 से अप्रैल 2027 तक मनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने विशेष रूप से महिलाओं, वंचित एवं उपेक्षित वर्गों की शिक्षा एवं सामाजिक उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उन्होंने बताया कि महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित करवाने वाले पंजीकृत एनजीओ व शिक्षण संस्थानों को सरकार द्वारा संचालित डॉ. अम्बेडकर फाउंडेशन द्वारा अनुदान राशि प्रदान की जाएगी। इस योजना के तहत डॉ. अम्बेडकर फाउंडेशन महान संतों की जयंती/पुण्यतिथि के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित करने पर पंजीकृत/मान्यता प्राप्त गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) तथा राज्य/केंद्र सरकार के मान्यता प्राप्त महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों एवं संस्थानों को अनुदान राशि प्रदान करता है।
उपायुक्त ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत पंजीकृत एनजीओ को अधिकतम 02 लाख तथा मान्यता प्राप्त सरकारी कॉलेज/विश्वविद्यालय/संस्थान को अधिकतम 05 लाख तक का अनुदान प्रदान किया जा सकता है। इसके लिए संबंधित एनजीओ नीति आयोग के एनजीओ पोर्टल पर पंजीकरण होना आवश्यक है तथा संस्था कम से कम 2 वर्षों से कार्यरत हो। इसके लिए संबंधित राज्य/जिला प्रशासन द्वारा प्रस्ताव की संस्तुति आवश्यक होगी। इसके साथ ही राज्य व केन्द्र सरकार के सरकारी कॉलेज/विश्वविद्यालय/संस्थान यूजीसी से मान्यता प्राप्त होने चाहिए।
उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत आवेदन करने के लिए संबंधित महान संत के जीवन एवं योगदान पर विस्तृत विवरण। मांगे गए अनुदान का मदवार विवरण। पूर्व में आयोजित कार्यक्रमों का विवरण। गत दो वित्तीय वर्षों की वार्षिक रिपोर्ट एवं ऑडिटेड लेखाजोखा। 100 के स्टाम्प पेपर पर नोटरीकृत बांड (योजना की शर्तों के उल्लंघन की स्थिति में अनुदान वापसी हेतु), प्रस्ताव कार्यक्रम की तिथि से कम से कम एक माह पूर्व डॉ. अम्बेडकर फाउंडेशन के कार्यालय में प्रस्तुत किया जाना अनिवार्य है। किसी संस्था को एक वित्तीय वर्ष में केवल एक अवसर के लिए ही अनुदान दिया जाएगा।
उपायुक्त ने सभी पात्र एनजीओ एवं शैक्षणिक संस्थानों का आह्वïान किया कि वे योजना के अंतर्गत निर्धारित मानदंडों के अनुसार अपने प्रस्ताव समयबद्ध रूप से प्रेषित करें, ताकि महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती वर्ष को भव्य एवं सार्थक रूप से मनाया जा सके।

