गोहाना :- बरसात के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अब लोगों को जल जनित बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए जागरूकता अभियान शुरू किया है। अधिकारियों ने जलापूर्ति विभाग ने शहरी क्षेत्र में सार्वजनिक पेयजल सप्लाई के पानी के सैंपल भी मांगें हैं। स्वास्थ्यकर्मी नियमित रूप से चिह्नित कॉलोनियों में जाकर पानी कुलर, पानी की टंकियों की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों ने कूलर व पानी की टंकी में लार्वा मिलने पर 19 लोगों को नोटिस भी जारी किए हैं।
क्षेत्र में बीते कई दिनों लगातार बरसात हुई। बरसात के दौरान टाइफाइड, पीलिया, हैजा, डायरिया जैसी जल जनित बीमारियां फैलने का खतरा रहता है। ये बीमारियां दूषित पानी पीने से होती हैं। शहर में जलापूर्ति विभाग द्वारा पेयजल की सप्लाई दी जाती है। पेयजल की गुणवत्ता को जांचने के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने जलापूर्ति विभाग से शहर में सार्वजनिक स्थानों, स्कूलों के पानी के सैंपल मांगें हैं। इसके साथ ही अधिकारियों ने विभाग को पानी में क्लोरीन मिलाना भी सुनिश्चित करने को कहा है।
शहर में लोगों को जागरूक करने के लिए गुरूवार को आर्य नगर और विष्णु नगर में विशेष जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान विभाग की 17 टीमों ने सैकंडों घरों में कूलर एवं पानी की टंकियों की जांच की। बरसात के सीजन में स्वस्थ रहने के लिए विशेष सावधानियां बरतने की जरूरत है। पानी को हमेशा उबालकर ठंडा होने पर पीएं। अस्पताल में जल जनित बीमारियों से पीडित मरीजों के उपचार के लिए पर्याप्त दवाएं उपलब्ध हैं। डॉ. संजय छिक्कारा, एसएमओ, सिविल अस्पताल, गोहाना



