एनकाउंटर में मारे गए बदमाश राकेश के परिवार ने पुलिस पर फेक एनकाउंटर का लगाया आरोप, और कहा डिमांड पूरी न होने पर राकेश को थर्ड डिग्री टॉर्चर से मौत हुई गोली मार कर एनकाउंटर बना दिया
32 साल का राकेश उर्फ राकू पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के कत्ल में शामिल लॉरेंस गैंग के शूटर प्रियवृत फौजी का छोटा भाई था।
हरियाणा में पानीपत पुलिस के साथ एनकाउंटर में मारे गए बदमाश राकेश उर्फ राकू के परिवार ने पुलिस पर फेक एनकाउंटर के आरोप लगाए हैं। 32 साल का राकेश उर्फ राकू पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के कत्ल में शामिल लॉरेंस गैंग के शूटर प्रियवृत फौजी का छोटा भाई था। राकेश उर्फ राकू और उसके दो साथियों की शुक्रवार रात को पानीपत के समालखा एरिया में ढोडपुर गांव के नजदीक पानीपत पुलिस की CIA-2 यूनिट के साथ मुठभेड़ हो गई थी। इस एनकाउंटर में राकेश की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।
शनिवार सुबह पानीपत सिविल अस्पताल पहुंचे राकेश उर्फ राकू के परिवार ने पुलिस टीम पर फेक एनकाउंटर करने का आरोप लगाया।
राकेश के परिवार ने दावा किया कि पुलिस ने 3 दिन पहले राकेश और उसके 2 साथियों को पंजाब के मोहाली से गिरफ्तार किया। इसके बाद तीनों को छोड़ने की एवज में 5 लाख रुपए की डिमांड की गई। ये डिमांड पूरी न होने पर राकेश को थर्ड डिग्री टॉर्चर किया गया जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने उसकी बॉडी समालखा ले जाकर गोली मारी और घटना को एनकाउंटर का रूप दे दिया।
राकेश के परिवार ने इस मामले में शामिल पानीपत पुलिस की CIA-2 टीम पर हत्या का केस दर्ज करने और राकेश की बॉडी का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने की डिमांड की। परिवार ने कहा कि जब तक उनकी मांगे नहीं मानी जाएगी, वे बॉडी नहीं उठाएंगे।
SP के मुताबिक- बदमाशों ने चलाई पहले गोली
इस बीच पानीपत के SP अजीत सिंह शेखावत ने बताया कि बदमाश राकेश उर्फ राकू और सोनू के साथ पानीपत पुलिस की CIA-2 टीम की मुठभेड़ हुई। तीनों बदमाश, रंगदारी मांगने के मामले में वांटेड थे। ये लोग एक ऑडी कार सवार व्यक्ति पर गोलियां चलाने के केस में भी वांटेड थे। दोनों की पहचान CCTV फुटेज के आधार पर हुई। दोनों बाइक पर सवार थे और मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोलियां इनके पैरों में लगीं।
SP ने कहा कि घायल राकेश उर्फ राकू की मौत हो जाना दुखद है। पुलिस ने डॉक्टरों से कहा है कि राकेश की सभी चोटों की बारीकी से वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी करें। पोस्टमार्टम की भी वीडियोग्राफी कराएं।
एसपी के अनुसार, फिलहाल डॉक्टरों ने बताया कि राकेश के सिर्फ पैर में चोट के निशान हैं। इसके अलावा उसके पूरे शरीर पर कोई निशान नहीं है। पोस्टमार्टम में ही क्लीयर होगा कि मौत किस वजह हुई है। क्या यह हार्ट अटैक है या सदमा?
राकेश उर्फ राकू सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस में आरोपी प्रियव्रत फौजी का भाई था। उसके साथी सोनू के खिलाफ भी रंगदारी मांगने के कई मामले दर्ज हैं।

पढ़िए, एनकाउंटर की पूरी कहानी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुछ दिनों पहले बदमाशों की उनके अपने एक-दो साथियों से अनबन हो गई थी, जिसके चलते उनमें रंजिश पैदा हो गई। इसी बीच बदमाशों ने अनबन की जानकारी पुलिस के मुखबिर को दी और बताया कि राकेश अपने साथियों के साथ समालखा में है। मुखबिर के अनुसार, पुलिस ने लोकेशन लेते हुए गांव ढोडपुर मोड़ से नरायणा रोड के पास चुपके से डेरा डाल दिया। इसी बीच सूचना मिली कि बदमाश, बिना नंबर प्लेट की सिल्वर बलेनो कार में सवार होकर नरायणा रोड पर आ रहे हैं।
जैसे ही बदमाशों ने कार को रोड पर लिया, पुलिस ने ढोडपुरा मोड़ पर और नारायणा रोड पर आने-जाने वाले लोगों को रोक दिया। दोनों छोर पर पुलिस तैनात कर दी गई। इसके बाद ढोडपुर मोड़ से बदमाशों की गाड़ी के पीछे पुलिस लग गई। जब बदमाश बीच रास्ते में खेतों के पास पुल पर पहुंचे तो पुलिस ने उनकी गाड़ी को चारों ओर से घेर लिया।
पुलिस को चारों ओर देख बदमाशों ने एकाएक फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। बदमाश गाड़ी से नीचे उतर आए। उनके पैरों में पुलिस ने गोलियां मार दीं और उन्हें काबू कर लिया।
2 बड़े उद्यमियों से रंगदारी के मामले में थे वांटेड
SP ने बताया कि पिछले दिनों शहर के बड़े मिष्ठान भंडार संचालक और डेयरी संचालक से जेल से फोन करके फिरौती मांगी गई थी। रंगदारी न देने पर दोनों को जान से मारने की धमकियां दी गई थीं। इसी मामले में यह दोनों आरोपी वांटेड थे। शुक्रवार शाम को दोनों आरोपी फिर किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में निकले थे। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिल गई।
कुरूक्षेत्र CIA के रिमांड पर गैंगस्टर प्रियव्रत फौजी
कुरुक्षेत्र में संजय बूरा पर फायरिंग मामले में कुरुक्षेत्र CIA-2 ने गैंगस्टर प्रियव्रत फौजी को करनाल जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लिया हुआ है। CIA बदमाश प्रियव्रत को 6 दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ में जुटी है। बता दें कि बदमाश प्रियव्रत फौजी सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में मुख्यारोपी भी है। आरोपी के खिलाफ पहले भी कई संगीन धाराओं में पंजाब-हरियाणा में मामले दर्ज हैं।


