देश में हरियाणा पहला राज्य बना जिस ने घोषित किए गन्ने के दाम, ये दाम पूरे भारत में सबसे ज्यादा हैं, 386 रुपए से बढ़ा कर 400 रुपए किए

गोहाना :-3 जुलाई : हरियाणा देश का सबसे पहला राज्य है जिसने नवंबर माह में प्रारंभ होने वाले नए सीजन के लिए सबसे पहले गन्ने के दाम घोषित कर दिए हैं। यह दावा बुधवार को शुगरफेड के चेयरमैन धर्मबीर सिंह डागर ने किया । उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रदेश ने गन्ने के प्रति क्विंटल दाम को नए सीजन के लिए 386 रुपए से बढ़ा कर 400 रुपए कर दिए हैं। ये दाम पूरे भारत में सबसे ज्यादा हैं।
धर्मबीर सिंह डागर गोहाना-महम मार्ग पर आहुलाना गांव में स्थित चौ. देवीलाल सहकारी चीनी मिल में गन्ना उत्पादकों की शिकायतें सुनने के लिए आए थे। वह चीनी मिल के एम.डी. और गोहाना के एस.डी.एम. विवेक आर्य के साथ पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। धर्मबीर सिंह डागर ने कहा कि हरियाणा देश का ऐसा भी सर्वप्रथम राज्य है जहां पिछले सीजन की पूरी पेमेंट क्लियर कर दी गई है.तथा किसी भी किसान का नए पैसे का भुगतान शेष नहीं है ।
गन्ना उत्पादकों ने जहां सपंर्क सड़कों की शोचनीय स्थित पर चिंता व्यक्त करते हुए उनकी तुरंत मुरम्मत करवाने की मांग की, वहीं ठेके पर ले कर गन्ने की खेती से जुड़ी एक गंभीर समस्या से भी चेयरमैन को अवगत करवाया। गन्ना उत्पादकों का कहना था कि पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन के लिए भूमि के मालिक किसान अपनी फैमिली आई.डी. नहीं देते। शुगरफेड के चेयरमैन डागर ने गन्ना उत्पादकों द्वारा बताई दिक्कतों को जल्दी दूर करने का वायदा किया ।



