गोहाना :-शहर के देवीपुरा स्थित आंगनबाड़ी सेंटर में मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष जांच शिविर लगाया गया। इस शिविर में सिविल अस्पताल से आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. चक्रवर्ती शर्मा के नेतृत्व में टीम पहुंची। इस दौरान उन्होंने बच्चों व महिला सहित 23 में खून की मात्रा का पता लगाने के लिए उनकी जांच की। डॉ. चक्रवर्ती शर्मा के अनुसार जांच में सात बच्चों में खून की कमी मिली। इस पर उन्हें भारत विकास परिषद की शाखा द्वारा एनीमिया को पूरा करने के लिए गुड़ व चने की डाइट दी। इसके साथ ही उन्हें बेहतर खान-पान के लिए भी प्रेरित किया। इस मौके पर रविंद्र गर्ग, सचिन, प्रेमो देवी आदि मौजूद रहे।
शहर में बरोदा रोड पर मोर चौक स्थित शेल्टर होम में मंगलवार को अधिकारियों ने सुविधाओं का जायजा लिया। इसके साथ ही संचालकों को आवश्यक निर्देश दिए। शेल्टर होम बाल कल्याण समिति द्वारा संचालित किया जा रहा है। इस शेल्टर होम में अनाथ बच्चों को बेहतर सुविधाएं देने का दावा किया जाता है। इसी को लेकर मंगलवार को जिला बाल कल्याण समिति की चेयरपर्सन अनीता शर्मा, जिला बाल संरक्षण अधिकारी ममता व स्वास्थ्य विभाग से आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. चक्रवर्ती शर्मा शेल्टर होम में सुविधाओं का जायजा लेने पहुंचे। डॉ. चक्रवर्ती शर्मा के अनुसार शेल्टर होम में 12 बच्चे थे। ऐसे में टीम ने बच्चों को दी जाने वाली सुविधाओं, खान-पान, स्वास्थ्य सुविधाओं के अलावा बिल्डिंग नियमों का सही पालन हो रहा है या नहीं, इनकी जांच की गई। उन्होंने बताया कि जांच में सुविधाएं व रिकॉर्ड संतोषजनक मिला। इस मौके पर हरपाल, अशोक कुमार, ममता आदि मौजूद रहे।
आजाद हिंद देशभक्त मोर्चा के सदस्यों ने मंगलवार को स्वतंत्रता सेनानी पिंगली वैंकेया नायडू की पुण्यतिथि मनाई। उन्होंने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्य वक्ता डॉ. सुरेश सेतिया ने कहा कि पिंगली वेंकैया नायडू भारत के सच्चे देशभक्त व महान स्वतंत्रता सेनानी एवं कृषि वैज्ञानिक थे। उन्होंने 1916 से 1921 तक विभिन्न झंडों के अध्ययन में अपने आप को समर्पित कर दिया। 1921 में उन्होंने भारत के राष्ट्रीय झंडे तिरंगे का निर्माण किया था। तिरंगे झंडे ने देश के सभी धर्मों के लोगों को एक साथ जोड़ने का काम किया। इस अवसर पर आजाद सिंह डांगी, पवन सैनी, बलवान सिंह पांचाल, उधम सिंह, नरेश कुमार, उमेद सिंह, सुभाष शर्मा, सुरेश कुमार आदि उपस्थित थे।



