गोहाना के शिव मंदिरों में गूंजे बम-बम भोले के जयकारे: महाशिवरात्रि पर्व पर सुबह से शिवालयों में जलाभिषेक के लिए भारी भीड़
गोहाना :-8 मार्च : गोहाना में शुक्रवार को महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। सुबह से ही मंदिरों में जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। शहर के देवी नगर स्थित प्राचीन शिव नंदिर में सुबह से ही लम्बी लम्बी लाइनों में लगकर अपनी बारी आने पर जलाभिषेक कर रहे हैं । महाशिवरात्रि को लेकर शहर के तमाम मंदिरों को लाइटों से सजाया गया है।
शहर के विभिन्न मंदिरों पुरानी अनाज मण्डी स्थित अग्रवाल सत्संग भवन के शिव मंदिर, शिवाला मस्तनाथ पुरानी सब्जी मण्डी, मेन बाजार स्थित सनातन धर्म मंदिर में श्रद्धालुओं की जलाभिषेक के लिए लम्बी लम्बी कतारे लगी थी शहर के सभी मंदिरों को महाशिवरात्रि के पर्व के लिए सजाया गया है। शहर के सभी शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सभी मंदिर प्रबंधन कमेटियों ने पूरी व्यवस्था की है।
महाशिवरात्रि पर व्रत रखकर पूजन के साथ जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक व रुद्राभिषेक अनुष्ठान पूरे विधि-विधान के अनुसार किया जा रहा है। मान्यता है कि ऐसा करने वाले श्रद्धालुओं की सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। महाशिवरात्रि के पर्व पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कई सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं की तरफ से शिव संकीर्तन महोत्सव का आयोजन भी किया जा रहा है।
महा शिवरात्रि में भोलेनाथ का गन्ने के रस से अभिषेक करने पर लक्ष्मी प्राप्ति, दूध से मनोकामनाएं पूर्ण, घी से आरोग्यता व वंश वृद्धि, इत्र युक्त जल से बीमारी नष्ट होती है। सरसों के तेल से शत्रु नाश, दही से भवन, वाहन प्राप्ति तथा शहद युक्त जल से अभिषेक करने पर समस्त पापों का नाश होता है।


