बीपीएमएस के 37 वें निःशुल्क शिविर में भारी संख्या में मरीजों की जांच
180 की ओपीडी, 49 मरीजों का होगा नेत्र आपरेशन, 68 का हुआ ओरल टेस्ट


भिवानी, (अनिल जिंदल) 18 मार्च । सामाजिक संस्था भिवानी परिवार मैत्री संघ (बीपीएमएस) के 37 वें निःशुल्क आंखों के मोतियाबिंद ऑपरेशन (लेंस वाला) एवं मेडिकल कैम्प में भारी संख्या में मरीज उमड़े। 180 मरीजों की ओपीडी जांच हुई जिनमें से 49 मरीजों का मोतियाबिंद के ऑपरेशन के लिए चयन किया गया। 68 मरीजों की ओरल जांच की गई। जानी-मानी समाजसेवी और नारी सशक्तिकरण की अलख जगाने वाली
श्रीमती कांता देवी कोकड़ा की पुण्य स्मृति में श्री नरेश कोकड़ा परिवार के नेतृत्व में यह शिविर श्रीकृष्ण प्रणामी मंदिर में सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक आयोजित किया गया।
बीपीएमएस के 37 वें निःशुल्क शिविर में आंखों की जांच इंदिरा गांधी आई हास्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, गुरुग्राम के वरिष्ठ चिकित्सकों ने तथा मेडिकल एवं कैंसर जांच दिल्ली के राजीव गांधी कैंसर इंस्टीट्यूट के अनुभवी डॉक्टरों द्वारा की गई।
उल्लेखनीय है कि बीपीएमएस के 36 वें निःशुल्क शिविर में 125 मरीजों की ओपीडी जांच हुई थी। 35 मरीजों का नेत्र ऑपरेशन के लिए चयन किया गया था। पिछले माह के शिविर की उल्लेखनीय विशेषता यह रही थी कि बीपीएमएस के 35वें शिविर में नेत्र ऑपरेशन करवाने वाले दो मरीजों से 36 वें शिविर का शुभारंभ करवाया गया था।
37 वें शिविर का शुभारंभ कोकड़ा परिवार के सदस्यों व बीपीएमएस के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने किया। इस अवसर पर बीपीएमएस की पर्यावरण समिति की अध्यक्ष पूजा बंसल ने समाज सेवा के लिए भिवानी परिवार मैत्री संघ के वृहद लक्ष्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि श्री नरेश कोकड़ा और उनके परिवार ने जरूरतमंद मरीजों की पीड़ा को समझा और मदद के लिए तत्काल आगे आकर अनुकरणीय मिसाल कायम की।
उल्लेखनीय है कि बीपीएमएस के 36 शिविरों में भिवानी, चरखी दादरी समेत कई जिलों के हजारों गरीब व जरूरतमंद मरीज निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं ले चुके हैं। चिकित्सा के स्तर तथा दवाओं की गुणवत्ता के चलते बीपीएमएस की ख्याति लगातार बढ़ रही है।



