गोहाना के श्मशान घाट में भगवान शिव की 51 फुट ऊंची प्रतिमा का परसों होगा लोकार्पण, डॉ. एस. एस. मुदगिल रोहतक में भी बनवा चुके है भोले की दो विराट प्रतिमाएं
गोहाना :-6 मार्च: शहर में बस स्टैंड के निकट स्थित श्मशान घाट में भगवान शिव की 51 फुट ऊंची प्रतिमा रिकॉर्ड 9 महीने में बन कर तैयार हो गई है। इस प्रतिमा का अपने सम्पूर्ण व्यक्तिगत व्यय से निर्माण हरियाणा साहित्य अकादमी के पूर्व निदेशक डॉ. एस. एस. मुदगिल ने करवाया है। महाशिवरात्रि पर्व पर 8 मार्च को इस भव्य प्रतिमा का लोकार्पण हवन पूर्वक होगा। डॉ. मुदगिल ऐसी दो बड़ी प्रतिमाएं पहले रोहतक में भी बनवा चुके हैं।
डॉ. एस. एस. मुदगिल ने 51 साल पहले 1973 में जब गोहाना में प्रैक्टिस प्रारंभ की थी, वह गोहाना क्षेत्र के सर्वप्रथम एम.बी.बी.एस. चिकित्सक थे। वह आई.एम.ए. की हरियाणा इकाई के प्रदेश अध्यक्ष तथा राष्ट्रीय स्तर पर उपाध्यक्ष रह चुके हैं। वह आई.एम.ए. के चिकित्सा रत्न पुरस्कार के साथ साहित्यिक क्षेत्र में पं. लख्मी चंद लोक साहित्य एवं संस्कृति पुरस्कार से अलंकृत हैं। साहित्यिक अंचल के डॉ. मुदगिल श्याम सखा श्याम नाम से एक सुप्रसिद्ध हस्ताक्षर हैं।
डॉ. एस. एस. मुदगिल ने रोहतक में दो प्रतिमाएं तेलियार लेक के निकट और ब्राह्मणवास स्थित गौड़ ब्राह्मण आयुर्वेदिक कॉलेज में निर्मित करवाई। ये दोनों प्रतिमाएं क्रमश: 40 फुट और 51 फुट ऊंची हैं। तेलियार लैक के निकट की प्रतिमा आलथी-पालथी की मुद्रा में बैठे भगवान शिव जब कि आयुर्वेदिक कॉलेज की प्रतिमा खड़ी मुद्रा में है। गोहाना की प्रतिमा की मुद्रा इनसे भिन्न है। इस प्रतिमा में भगवान शंकर एक पांव नीचे लटका कर बैठे हुए हैं।
प्रतिमा की कुल ऊंचाई 73 फुट है। इसमें 11 फुट जमीन के अंदर और 11 फुट भूमि पर फाउंडेशन है। उस फाउंडेशन पर 51 फट की ऊंचाई अलग से है। इस प्रतिमा का निर्माण यू.पी. के सौ. एम. योगी आदित्य नाथ के गृहनगर गोरखपुर से आए विजय वर्मा ने अपनी टीम के साथ किया है। पहले रोहतक में तैयार दोनों प्रतिमाओं का निर्माण भी वर्मा की टीम ने ही किया है। तीनों प्रतिमाओं का
पूरा खर्च डॉ. एस. एस. मुदगिल ने अपने पास से निजी तौर से किया है।
गोहाना में बस स्टैंड के निकट स्थित श्मशान घाट में प्रतिमा का निर्माण ठीक 9 महीने पहले 8 मई 2023 को हुआ था। शिव प्रतिमा से सटा हुआ शिव मंदिर भी बन कर
तैयार हो गया है। इस मंदिर में शिव लिंग को स्थापित किया गया है। इस मंदिर में म्यूजिक सिस्टम भी लगेगा। इस मंदिर में शिव लिंग का जिस जले से अभिषेक श्रद्धालु करेंगे, वह जल रिसाइकिल होगा। उस जल का प्रयोग प्रतिमा स्थल के लॉन की सिंचाई के लिए किया जाएगा। 8 मार्च को होने वाले लोकार्पण समारोह में मुख्य यज्ञमान डॉ. एस. एस. मुदगिल और उनकी पत्नी प्रमोद मुदगिल होंगे। पूर्ण विधि-विधान से प्राण-प्रतिष्ठा पुरानी अनाज मंडी के सत्संग भवन के पं. दयाल तिवारी करवाएंगे। सुबह 10 बजे हवन, उसके पश्चात आरती और खुला भंडारा होंगा ।


