हरियाणा में अगले 5 दिन झमाझम बारिश होगी
देश में जिस गति से मानसून आगे बढ़ रहा है, उसको देखते हुए 29 या 30 जून को मानसून के हरियाणा पहुंचने आसार हैं।
हरियाणा मे अब अगले 5 दिन झमाझम बारिश होगी। 23 जून को राजस्थान बॉर्डर से लगते 7 जिलों में गरज चमक से इसकी शुरुआत होगी। इसके बाद 24 जून को सिरसा व फतेहाबाद को छोड़कर शेष पूरे हरियाणा में बादल बरसेंगे। 25 व 26 जून को अधिकतर जिलों में तेज बारिश की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। IMD ने इसको लेकर फिलहाल येलो अलर्ट जारी किया है। देश में जिस गति से मानसून आगे बढ़ रहा है, उसको देखते हुए 29 या 30 जून को मानसून के हरियाणा पहुंचने आसार हैं।
IMD चंडीगढ़ ने गुरुवार दोपहर को जानकारी दी कि बुधवार सुबह से चल रहा बारिश और बूंदाबांदी का दौर 26 जून तक जारी रहने वाला है। हरियाणा के लिए जारी चेतावनी बुलेटिन में बताया गया है कि 23 जून को महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, मेवात, पलवल व फरीदाबाद में गरज चमक के साथ बारिश होगी। रात तक कोई फेरबदल नहीं हुआ तो अन्य जिलों में बूंदाबांदी की छुटपुट गतिविधि अलग अलग स्थानों पर कुछ देर के लिए संभव हैं, लेकिन बारिश नहीं होगी।
मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि 24 जून को बारिश का दायरा पूरे हरियाणा को कवर कर लेगा। इस दिन फतेहाबाद व सिरसा में बारिश का ज्यादा प्रभाव नहीं रहेगा। हालांकि पूरे प्रदेश में 24 जून काे तेज बारिश के आसार नहीं हैं। विभाग ने गरज चमक का ही येलो अलर्ट जारी किया है।
25 व 26 जून को प्रदेश के कुछेक जिलों काे छोड़कर लगभग सभी जिलों में तेज हवा और जोरदार बारिश होने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। हालांकि फिलहाल 27 जून तक मौसम परिवर्तनशील बताया गया है। आईएमडी की ओर से अभी 26 जून तक के मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है।
मौसम पर नजर रखने वाली एजेंसी स्काईमेट के महेश पलावत की मानें तो बिपरजॉय की विदाई के बाद मानसून ने देश में रफ्तार पकड़ ली है। इसी गति से मानसून आगे बढ़ता रहा तो 29 या फिर 30 जून को मानसून हरियाणा पंजाब में दस्तक दे देगा। इससे पहले प्रदेश में प्री मानसून की बारिश भी सुकून देने वाली रहेगी।

हरियाणा में खरीफ की फसलों में सबसे बड़े क्षेत्र में धान की बिजाई की जाती है। जीटी बैल्ट के 7 जिलों को तो धान का कटोरा कहा जाता है। बारिश को देखते हुए किसान धान की रोपाई में जुट गए हैं। प्रदेश में इसी महीने मानसून दस्तक देता है तो किसानों को इससे बड़ा ही फायदा होगा। हरियाणा में करीब 12 लाख हेक्टेयर भूमि में धान की रोपाई की जाती है। बाहरी प्रदेशों से मजदूर भी पहुंच गए हैं और किसानों ने खेतों में भी पानी भरना शुरू कर दिया है।
हरियाणा में हर रोज किसी न किसी क्षेत्र में बारिश हो रही है। मौसम में नमी की मात्रा ज्यादा है और लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हैं। बीती रात को भी न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रहा। रात का पारा सबसे 25.6 डिग्री अंबाला में दर्ज किया गया। इससे पहले बुधवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान में कोई कमी नहीं आयी। हिसार का बालसमंद 42 डिग्री पारे के साथ सबसे गर्म रहा।



