Breaking News

हरियाणा में BJP-JJP सरकार की गलत नीतियों के कारण प्रदेश में खड़ी हो गई बेरोजगारों की फौज : दीपेंद्र हुड्डा

खरखौदा-सोनीपत:-  राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि प्रदेश की भाजपा-जजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण हरियाणा में बेरोजगारों की फौज खड़ी हो गई है। ग्रुप-डी की भर्ती परीक्षा के लिए महज 13 हजार पदों के लिए 14 लाख युवाओं का फार्म भरना यह दर्शा रहा है। इससे साफ है कि 100 में से एक को ही नौकरी मिलेगी। वह रविवार को खरखौदा की नई अनाज मंडी में आयोजित हाथ से हाथ जोड़ो कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि जो प्रदेश वर्ष 2014 से पहले तक विकास में नंबर-एक था, वह आज बेरोजगारी में नंबर-एक हो गया है। सरकारी पदों को समाप्त किया जा रहा है, पक्की नौकरियों को अग्निपथ, कौशल निगम के जरिये कच्चे में बदला जा रहा है या भर्ती घोटालों की भेंट चढ़ाया जा रहा है। फिर भी कोई भर्ती हो गयी है तो उसमें हरियाणा से बाहर के प्रदेशों के लोगों की नौकरी मिल रही है। रोजगार देने वाले कमीशन का चेयरमैन भी बाहर के प्रदेश का लगा दिया। निजी क्षेत्र में कोई निवेश नहीं हो रहा। बेरोजगारी की समस्या विकराल हो गई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के तीन तरफ बसा हरियाणा रोजगार देने वाला प्रदेश था, लेकिन दुख की बात है कि भाजपा-जजपा सरकार ने इसे रिकॉर्ड बेरोजगारी, भ्रष्टाचार वाला प्रदेश बना दिया। सोनीपत में अगर रेल कोच फैक्टरी बनती तो न केवल लाखों युवाओं को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलता, उद्योग पनपते बल्कि यह हरियाणा के विकास में एक मील का पत्थर साबित होती।

उन्होंने कहा कि सरकार ने धान के एक्सपोर्ट पर पाबंदी और शर्तें थोप दी, जिससे मंडियों में भाव गिर गया। उन्होंने कहा कि सात माह में ऐसी सरकार से छुटकारा दिला देंगे। सरकार की जनविरोधी नीतियों से ही पिछले विधानसभा चुनाव में उनके 14 में से 12 मंत्री विधानसभा का चुनाव हार गए थे। इस दौरान पूर्व सांसद धर्मपाल मलिक, विधायक जयवीर सिंह, जगबीर मलिक, सुरेंद्र पंवार, इंदुराज नरवाल, पूर्व विधायक जयतीर्थ दहिया, पदम सिंह दहिया, प्रोफेसर विरेंद्र सिंह, सुरेंद्र दहिया, अजीत सैनी, कुलदीप पहलवान, सुनील दहिया, दहिया खाप प्रधान जयपाल, सुरेंद्र शर्मा, ललित पंवार, बिजेंद्र आंतिल, सुरेंद्र छिकारा, सुनील कटारिया, वीरेंद्र दूहन आदि मौजूद रहे।

Khabar Abtak

Related Articles

Back to top button