BPS महिला विश्व विधालय में तीन दिवसीय यूनिफेस्ट का भाजपा सांसद ने किया शुभारंभ
भारत के आधे मेडल हरियाणा, हरियाणा के आधे मेडल लाता है सोनीपत : कौशिक
गोहाना :- 21 अक्तूबर : बी. पी. एस. महिला विश्वविद्यालय में शनिवार को तीन दिन के यनिफेस्ट का आगाज हो गया। छात्र कल्याण अधिष्ठाता विभाग के साथ यूथ एवं कल्चरल निदेशालय द्वारा आयोजित इस यूनिफेस्ट में 10 टीम भाग ले रहीं हैं। उदघाटन सत्र में भाजपा रमेश कौशिक मुख्य अतिथि थे। अध्यक्षता वी.सी. प्रो सुदेश ने की। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के युवा एवं सांस्कृतिक मामलों के निदेशक डॉ महा सिंह पूनिया विशिष्ट अतिथि रहे। दीप प्रज्जवलन से शुभारम्भ करते हुए सांसद रमेश कौशिक ने कहा कि जिस तरह से पढ़ाई जरूरी है, उसी तरह से अपनी संस्कृति से अवगत होना भी जरूरी है
उन्होंने कहा कि सोनीपत हरियाणा का एजुकेशन हब है। खेलों में जहां पूरे देश के 50 प्रतिशत मेडल अकेला हरियाणा लाता है, वहीं हरियाणा के 50 प्रतिशत अकेला सोनीपत लाता है।डॉ. महा सिंह पूनिया ने कहा कि हरियाणा में कल्चर,एग्रीकल्चर से है। कै. यू. के रत्नावली उत्सव में अबकी बार ऑस्ट्रेलिया की टीम भी भाग लेगी। रत्नावली महोत्सव में हरियाणवी संस्कृति से लुप्त हो चुके लूर नृत्य को 50 वर्ष बाद पुनः मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमें अपनी संस्कृति से जुड़ा रहना चाहिए। अपने हरियाणवी होने पर, अपने खाने पर, अपने पहनावे पर, अपनी बोली पर हमें हमेशा गर्व होना चाहिए। अपनी विरासत से जुड़ाव हमें महान बनाता है वी.सी. प्रो सुदेश ने कहा कि महिला विश्वविद्यालय
को बुलंदियों पर पहुंचाना उनका सपना है। अक्तूबर माह उत्सव का महीना है।
युवा एवं सांस्कृतिक मामले की निदेशक डॉ सुषमा जोशी ने बताया कि यह महिला विश्वविद्यालय का नौवां यूनिफेस्ट है। उन्होंने बताया कि इस यूनिफेस्ट में सभी रीजनल सेंटर, सम्बंधित कॉलेज और विश्वविद्यालय के टीचिंग डिपार्टमेंट के कुल 500 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। इस अवसर प्रो संकेत विज, प्रो श्वेता हुड्डा, सह छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ ईशानी, डॉ कृतिका दहिया आदि भी उपस्थित रहे।