पानीपत जिले के समालखा में एक युवक ने अपने दोस्तों के साथ अपने ही घर में चोरी की
घर में ही दोस्तों के साथ दारू पार्टी करी
पानीपत जिले के समालखा कस्बे में एक युवक ने अपने ही घर में चोरी कर दी। युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। दरअसल, युवक के परिजन उसके जीजा का देहांत होने पर अंतिम संस्कार पर गोहाना गए थे।
पीछे से युवक घर का ताला तोड़कर भीतर घुसा और शराब पार्टी की। इसके बाद आभूषण और कैश चुराकर फरार हो गया। परिजन जब घर लौटे तो वारदात का खुलासा हुआ। जिसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।
घर में बिखरा मिला सामान
समालखा थाना पुलिस को दी शिकायत में अंग्रेज ने बताया कि वह गांव नारायणा का रहने वाला है। 13 जून को उसके दामाद का देहांत हो गया था। जिसके बाद वह परिवार संग सोनीपत के गोहाना में गए थे। 14 जून को वह वापस लौटे। वापस आने पर देखा कि घर के मेन गेट का ताला टूटा हुआ था।
घर के भीतर घुसे तो देखा कि सारा सामान बिखरा हुआ था। चोरी की आशंका होने पर चेक किया तो अलमारी से 2 सोने के ओम, 2 हथफूल, 1 जोड़ी पायजेब, 2 चांदी के पैंडल, 1 सोने की अंगूठी समेत 5 हजार कैश चोरी हो गया था।
घर के भीतर शराब की खाली बोतल व कोल्ड ड्रिंक की बोतल व नमकीन आदि मिली। अंग्रेज ने बताया कि उसका छोटा बेटा अमित शराब पीने का आदी है। उसके बेटे अमित के साथ 5 और लड़के थे। जिनके ऊपर पूरा शक है कि ये चोरी उन्होंने ही की है।


