AdministrationBreaking NewsSonipat

17 जुलाई को प्रधानमंत्री के हाइड्रोजन ट्रेन शुभारंभ कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज, उपायुक्त नेहा सिंह ने व्यवस्थाओं की करी समीक्षा

सोनीपत, गोहाना, लाठ और मोहाना रेलवे स्टेशनों पर होगा कार्यक्रम का सीधा प्रसारण, जिला का मुख्य कार्यक्रम होगा सोनीपत रेलवे स्टेशन पर

सुरक्षा, यातायात, विद्यार्थियों की बैठने की व्यवस्था, रिफ्रेशमेंट व लाइव टेलीकास्ट सहित सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश

सोनीपत,(अनिल जिंदल) 14 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को जींद से देश की प्रथम हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ करेंगे। इस ऐतिहासिक अवसर को लेकर जिला सोनीपत में भी तैयारियां की जा रही हैं। मंगलवार को लघु सचिवालय में उपायुक्त नेहा सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिला के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा और तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के सफल एवं सुचारु आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने बताया कि जिला का मुख्य कार्यक्रम सोनीपत रेलवे स्टेशन पर आयोजित किया जाएगा, जबकि गोहाना, लाठ और मोहाना रेलवे स्टेशनों पर भी प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा।

उपायुक्त ने बताया कि गोहाना रेलवे स्टेशन के लिए गोहाना एसडीएम, लाठ रेलवे स्टेशन के लिए खरखौदा एसडीएम तथा मोहाना रेलवे स्टेशन के लिए गन्नौर एसडीएम को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर तैयारियों की नियमित समीक्षा करें और किसी भी प्रकार की कमी न रहने दें।

WhatsApp Image 2024-08-03 at 12.46.12 PM
WhatsApp Image 2024-08-03 at 12.55.06 PM
c3875a0e-fb7b-4f7e-884a-2392dd9f6aa8
1000026761
WhatsApp Image 2024-07-24 at 2.29.26 PM

उपायुक्त ने बताया कि प्रत्येक रेलवे स्टेशन पर लगभग 200 उच्च शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए संबंधित शिक्षण संस्थानों और उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है। लाठ रेलवे स्टेशन पर बीपीएस पॉलिटेक्निक, मोहाना रेलवे स्टेशन पर हिंदू कॉलेज तथा सोनीपत रेलवे स्टेशन पर डीसीआरयूएसटी के विद्यार्थियों की उपस्थिति रहेगी। इसी प्रकार गोहाना रेलवे स्टेशन पर भी विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

उपायुक्त ने रेलवे के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला के सभी संबंधित रेलवे स्टेशनों पर जींद में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के लाइव टेलीकास्ट की समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि उपस्थित विद्यार्थी व अन्य कार्यक्रम को देख सके। बैठक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बसों की उपलब्धता, विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, रिफ्रेशमेंट तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं पर भी विस्तृत चर्चा की गई। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा, एसडीएम सोनीपत सुभाष चंद्र, एसडीएम खरखौदा अमित कुमार, पीजीआई खानपुर के अतिरिक्त निदेशक सुरेंद्र दून, सीटीएम सिमरन, जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया, जीएम रोडवेज संजय कुमार, मोटर वाहन अधिकारी सचिन कुमार तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Khabar Abtak

Related Articles

Back to top button