एसआईआर प्रक्रिया से संबंधित कार्य को समयबद्ध तरीके से किया जा रहा है पूरा : एडीसी अजय चोपड़ा
एसआईआर कार्य को लेकर सभी बीएलए को दी जा चुकी है ट्रेनिंग, 08 जून को बीएलओ को भी दी जाएगी ट्रेनिंग

-लोगों की सहायता के लिए अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय के कमरा नंबर 01 में स्थापित किया गया है हेल्पडेस्क
-किसी भी सूचना के लिए दूरभाष नंबर 0130-2222700 पर करें संपर्क
सोनीपत, 05 जून। 32-गोहाना विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त श्री अजय चोपड़ा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के अंतर्गत सभी कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार समयबद्ध तरीके से पूरे किए जा रहे हैं। निर्वाचन विभाग का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाना है।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं की सुविधा एवं सहायता के लिए अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय के कमरा नंबर-01 में विशेष हेल्पडेस्क स्थापित किया गया है। इस हेल्पडेस्क के माध्यम से नागरिक मतदाता सूची से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं तथा अपनी शिकायतें भी दर्ज करवा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन विभाग द्वारा हेल्पडेस्क के लिए दूरभाष नंबर 0130-2222700 जारी किया गया है। इस नंबर पर एसआईआर प्रक्रिया से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं नागरिकों के अनुकूल बनाने के लिए यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
एडीसी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के सफल संचालन के लिए राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त सभी बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों, मतदाता सत्यापन प्रक्रिया, प्रपत्रों के उपयोग तथा मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण संबंधी विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि आगामी 08 जून को सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को भी गोहाना स्थित राजकीय कन्या महाविद्यालय में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इस प्रशिक्षण में बीएलओ को घर-घर जाकर मतदाताओं के सत्यापन, नए मतदाताओं के पंजीकरण, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं की पहचान तथा अन्य सभी संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश के बारे में जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस प्रक्रिया के अंतर्गत 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक सभी बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि 14 जुलाई 2026 तक मतदान केंद्रों का युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्थित करने का कार्य किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 21 जुलाई 2026 को किया जाएगा। इसके बाद 21 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। सूचना चरण, जिसमें नोटिस जारी करना, सुनवाई एवं सत्यापन की प्रक्रिया शामिल है, 21 जुलाई से 18 सितंबर 2026 तक संचालित होगी। अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 22 सितंबर 2026 को किया जाएगा। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, बूथ लेवल एजेंटों तथा आम नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय सहयोग करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।



