स्वास्थ्य के क्षेत्र में सोनीपत जिला को मिली तीन बड़ी सौगातें, -जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक कृष्णा गहलावत, निखिल मदान एवं देवेंद्र कादियान ने किया परियोजनाओं का शिलान्यास
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम से किया अमृत फार्मेसी एवं वीटा बूथ, विश्राम सराय तथा स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार क्लिनिक का शिलान्यास


– स्वस्थ हरियाणा-समृद्ध हरियाणा के संकल्प को साकार कर रही है प्रदेश सरकार : विधायक कृष्णा गहलावत
स्वस्थ भारत ही विकसित भारत की है मजबूत नींव: निखिल मदान
इन तीनों जनहितकारी योजनाओं से सोनीपत जिले की स्वास्थ्य सेवाएं होंगी और अधिक सुदृढ़ व आधुनिक- विधायक देवेंद्र कादियान
सोनीपत, 29 मई। स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ, सशक्त एवं जनहितकारी बनाने की दिशा में सोनीपत जिले को गुरुवार को तीन महत्वपूर्ण सौगातें प्राप्त हुईं। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम द्वारा जिला नागरिक अस्पताल, सोनीपत में अमृत फार्मेसी एवं वीटा बूथ, विश्राम सराय तथा स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार (SNSP) क्लिनिक का शिलान्यास किया।
जिला स्तर पर लघु सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में विधायक राई कृष्णा गहलावत, विधायक सोनीपत निखिल मदान तथा विधायक गन्नौर देवेंद्र कादियान ने उपस्थित होकर इन जनहितकारी परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान भाजपा वरिष्ठ नेता देवेंद्र कौशिक व प्रदीप सांगवान, उपायुक्त नेहा सिंह, नगराधीश सिमरन, सीएमओ डॉ अनुराधा, कुलदीप नांगल भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में विधायक कृष्णा गहलावत ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक किसी भी राज्य की सबसे बड़ी पूंजी होते हैं और इसी सोच के साथ हरियाणा सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार कर रही है। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ हरियाणा-समृद्ध हरियाणा” का संकल्प आज धरातल पर साकार होता दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा कि जिला नागरिक अस्पताल में स्थापित अमृत फार्मेसी केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य मरीजों को आवश्यक दवाइयां, इम्प्लांट एवं सर्जिकल उपभोग सामग्री रियायती दरों पर उपलब्ध कराना है। विशेष रूप से कैंसर, हृदय रोग तथा अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) से लगभग 50 प्रतिशत तक की छूट पर दवाइयां उपलब्ध होंगी। इससे आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद मरीजों को उपचार में बड़ी राहत मिलेगी।
इस दौरान विधायक निखिल मदान ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण का आधार स्वस्थ नागरिक हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक व्यक्ति को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ एवं किफायती दरों पर उपलब्ध हों। जिला नागरिक अस्पताल में शुरू की गई नई सुविधाएं आमजन को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
जिला को ये सौगात देने के लिए विधायक ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का धन्यवाद करते हुए कहा कि जिला अस्पताल में स्थापित “स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार” क्लिनिक महिलाओं के स्वास्थ्य, जागरूकता एवं सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस क्लिनिक में महिलाओं को एक ही स्थान पर समर्पित एवं विशेष स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। महिलाओं में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने, गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान सुनिश्चित करने तथा बेहतर स्वास्थ्य परिणाम प्राप्त करने में यह क्लिनिक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
विधायक देवेंद्र कादियान ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ मरीजों और उनके परिजनों की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रख रही है। उन्होंने कहा कि इन तीनों परियोजनाओं से जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा मिलेगी तथा आमजन को सीधा लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि इन जनहितकारी योजनाओं से सोनीपत जिले की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़, आधुनिक एवं जनोन्मुखी बनेंगी।
उन्होंने कहा कि जिला नागरिक अस्पताल परिसर में लगभग 6.45 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले आधुनिक विश्राम सराय के बनने से विशेष रूप से दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए राहत का केंद्र बनेगी। यहां बैठने एवं विश्राम करने की समुचित व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे अस्पताल आने वाले लोगों को बेहतर एवं सम्मानजनक वातावरण प्राप्त होगा।
इस मौके पर डीआरओ सुशील शर्मा, स्वास्थ विभाग के पूर्व डायरेक्टर जेएस पुनिया, डिप्टी सीएमओ डॉ अनीता, डिप्टी सीएमओ डॉ तरुण यादव व डॉ गिन्नी लांबा सहित स्वास्थ्य विभाग के अनेक अधिकारी, आशा व आंगनवाड़ी वर्कर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।



