सांसद धर्मवीर, कर्नल जोगिंदर सिंह समेत नौ हस्तियों को आज मिलेगा ‘भिवानी गौरव अवार्ड’

भिवानी, (अनिल जिंदल) 06 दिसंबर । उत्तर भारत की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था भिवानी परिवार मैत्री संघ (बीपीएमएस) के भव्य कार्यक्रम ‘भिवानी गौरव सम्मान एवं लोक उत्सव-2025’ का आयोजन रविवार, 7 दिसंबर को रोहिणी (सेक्टर 25), दिल्ली स्थित इस्कॉन मंदिर के ऑडिटोरियम में किया जाएगा। कार्यक्रम प्रात: 9 बजे आरंभ होगा तथा दोपहर दो बजे तक चलेगा।
बीपीएमएस के अध्यक्ष एवं अंतर्राष्ट्रीय कवि राजेश चेतन ने बताया कि इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण योगदान देने वाली नौ हस्तियों को ‘भिवानी गौरव अवार्ड -2025’ से सम्मानित किया जाएगा। इन हस्तियों का चयन पिछले माह बीपीएमएस की कोर समिति ने सर्वसम्मति से किया था।
इन हस्तियों में भिवानी-महेंद्रगढ़ के भाजपा सांसद धर्मवीर सिंह को लोक प्रशासन एवं ग्राम विकास में योगदान के लिए चौo बंसीलाल सम्मान दिया जाएगा।
शिक्षा क्षेत्र में असाधारण योगदान के लिए श्री राम कृष्ण गुप्ता सम्मान बहल के शिक्षाविद् डॉ एस के सिन्हा को मिलेगा।
पत्रकारिता क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने वाले भिवानी के जिला लोक संपर्क अधिकारी सुरेंद्र सिंगला बाबू बनारसी दास गुप्ता सम्मान के लिए चयनित किए गए हैं।
चरखी दादरी के डॉ अशोक कुमार मंगलेश को साहित्य क्षेत्र का श्री माधव मिश्र सम्मान साहित्य सम्मान मिलेगा।
खेल श्रेणी में खास योगदान देने वाले मनीष शर्मा को श्री सुरजीत सिंह सम्मान से नवाजा जाएगा।
सेवा क्षेत्र के लिए श्री फकीर चंद सम्मान राज कुमार मक्कड़ को दिया जाएगा।
कला एवं संगीत क्षेत्र की जानी-मानी हस्ती कौशल भारद्वाज को पं. गोपाल कृष्ण सम्मान के लिए चयनित किया गया।
राष्ट्र सेवा के लिए पं. नेकी राम शर्मा सम्मान कर्नल जोगिंदर सिंह तंवर को दिया जाएगा जबकि नारायणी देवी-महावीर प्रसाद भग्गनका ओजस्विनी पुरस्कार के लिए डॉ चांदनी अग्रवाल का चयन हुआ।

