Breaking News
नए संसद भवन में होने वाली महिला महापंचायत में जाने वाले नेता महिलाओं को हरियाणा बॉर्डर पर रोका
- भारतीय कुश्ती संघ (WFI) अध्यक्ष बृजभूषण सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर पहलवानों का धरना 23 अप्रैल से जारी है। इसी बीच नए संसद भवन के सामने आज पहलवानों के समर्थन में सभी खापों की महिला महापंचायत होगी।
- इस महापंचायत में हरियाणा के अलावा यूपी, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब और दिल्ली की खापों के लोग और किसान शामिल होंगे। दिल्ली पुलिस ने इस महापंचायत की अनुमति नहीं दी है। इसके लिए दिल्ली की सभी सीमाएं सील कर दी गई हैं। हरियाणा में सभी टोल प्लाजा पर पुलिस तैनात कर दी गई है। सभी गाड़ियों की वहीं पर चेकिंग की जा रही है।
- इसके साथ पुलिस ने हिसार, सोनीपत, पानीपत, रोहतक, जींद और अंबाला में खाप प्रतिनिधियों और किसान नेताओं को हिरासत में ले लिया है। कई नेता घरों में नजरबंद किए गए हैं। पुलिस ने किसानों को रोकने के लिए सिंघु और टिकरी बॉर्डर पर बैरिकेडिंग की हुई है।
- देर रात पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
महापंचायत के लिए हरियाणा-पंजाब से बड़ी संख्या में किसानों के पहुंचने की संभावना के चलते शनिवार रात को ही दिल्ली पुलिस हरकत में आ गई। हरियाणा पुलिस से भी संपर्क साधा गया। - इसके बाद हरियाणा में नई दिल्ली जा रहीं महिलाओं और किसानों की धरपकड़ शुरू कर दी गई। पंजाब से दिल्ली जा रहा महिलाओं का एक जत्था शनिवार शाम को जब पंजाब से अंबाला के मंजी साहिब गुरुद्वारे पहुंचा तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। गुरुद्वारे के गेट पर पुलिस जवान तैनात कर दिए गए।
- टिकरी बॉर्डर पर बड़े-बड़े सीमेंट के पत्थर लगाए
शनिवार देर रात बहादुरगढ़ सीमा पर टिकरी बॉर्डर पर बड़े-बड़े सीमेंट के पत्थर लाए गए। यहां दिल्ली हाईवे को संकरा करके 15 फीट कर दिया गया। टिकरी बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस के 400 जवानों तैना किए गए हैं। साथ ही CISF की टुकड़ी भी तैनात की गई है। - बॉर्डर पर वाहनों की चेकिंग
दिल्ली की हरियाणा से लगी दोनों सीमाओं, सिंघु बॉर्डर और टिकरी बॉर्डर पर पुलिस दिल्ली की तरफ जाने वाले वाहनों की चेकिंग कर रही है। शनिवार देर शाम को पानीपत जिले के सिवाह, समालखा, जौरासी और मालपुर गांवों के लोग निजी गाड़ियों में दिल्ली की ओर रवाना हो गए। - उधर, किसान नेता राकेश टिकैत ने भी शनिवार रात लगभग 9 बजे वीडियो जारी कर कहा कि महापंचायत में पहुंचने से रोकने के लिए पुलिस ने उनके कार्यकर्ताओं के पीछे फोर्स लगा दी है। उन्होंने अल्टीमेटम दिया कि अगर रात में ही पुलिस फोर्स नहीं हटाई गई तो वह रविवार सुबह कार्यकर्ता ट्रैक्टर लेकर दिल्ली निकलने को मजबूर हो जाएंगे।
- विनेश ने कहा- महापंचायत होकर रहेगी
किसानों की धरपकड़ की खबर मिलते ही पहलवानों ने शनिवार रात 9 बजे जंतर-मंतर पर इमरजेंसी प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई। इसमें विनेश फोगाट और साक्षी मलिक एक बार फिर रो पड़ीं। विनेश ने कहा कि सरकार हम पर समझौते का दबाव बना रही है मगर उसमें बृजभूषण को गिरफ्तार करने की कोई बात नहीं है। ऐसे में रविवार को होने वाली महिला महापंचायत होकर रहेगी। - विनेश और साक्षी ने कहा कि पुलिस हमारे ऊपर बल प्रयोग कर सकती है मगर, हम हर जुल्म सहने के लिए तैयार हैं। आज पूरा देश हमारे साथ खड़ा है, इसलिए हम ये लड़ाई लड़ पा रहे हैं। हम बच्चे हैं। हमने पहले कभी ये सब नहीं देखा।
- आगरा और मेरठ में किसान नेता नजरबंद
यूपी के आगरा में भारतीय किसान यूनियन (BKU) की यूपी इकाई के संगठन मंत्री राजकुमार करनावल को पुलिस ने घर में ही नजरबंद कर दिया। जिस समय पुलिस पहुंची, करनावल घर में नहीं थे। वह दिल्ली में होने वाली महापंचायत को लेकर जनसंपर्क पर निकले हुए थे। घर पहुंचते ही पुलिस ने उन्हें नजरबंद कर दिया। - भाकियू नेता राकेश टिकैत ने कहा कि यूपी के अलग-अलग जिलों में पुलिस उनके कार्यकर्ताओं के घर पहुंच रही है। उन्हें दिल्ली पहुंचने से रोकने के लिए ये सब किया जा रहा है। फिलहाल उनका सिर्फ एक दिन के लिए दिल्ली जाने का प्रोग्राम है लेकिन अगर पुलिस नहीं हटाई गई तो वह ट्रैक्टर लेकर घरों से निकलने को मजबूर हो जाएंगे और फिर जल्दी वापस नहीं लौटेंगे।
- शनिवार को दिल्ली पुलिस ने दी स्टेटस रिपोर्ट
शनिवार को मामले की स्टेटस रिपोर्ट लेकर दिल्ली पुलिस राउज एवेन्यू कोर्ट पहुंची। यहां दिल्ली पुलिस ने बताया कि पीड़ितों के धारा 164 के तहत बयान दर्ज किए गए हैं। अब मामले की सुनवाई 27 जून को होगी। - इससे पहले योग गुरु बाबा रामदेव का गुस्सा बृजभूषण पर फूटा। राजस्थान के भीलवाड़ा में बाबा रामदेव ने बिना नाम लिए कहा कि कुश्ती संघ का मुखिया रोज बहन-बेटियों के बारे में बकवास करता है। उसे तुरंत अरेस्ट करना चाहिए।
- वहीं दंगल गर्ल व भाजपा नेता बबीता फोगाट ने पहलवानों के धरने को लेकर सवाल उठाए हैं। बबीता फोगाट ने ट्वीट कर हरियाणा के किसान नेता गुरनाम चढ़ूनी को आंदोलनजीवी करार देते हुए अगुआई पर सवाल खड़े किए हैं।
- 23 अप्रैल से जारी है धरना
पहलवान 23 अप्रैल से बजरंग पूनिया, विनेश फोगाट और साक्षी मलिक की अगुआई में जंतर-मंतर पर धरना दे रहे हैं। उन्होंने कुश्ती संघ अध्यक्ष BJP सांसद बृजभूषण सिंह पर यौन शोषण के आरोप लगाए हैं। - इसके खिलाफ महिला पहलवानों के समर्थन में 28 मई यानी कल नए संसद भवन के सामने महिला महापंचायत होने जा रही है, लेकिन दिल्ली पुलिस ने इसकी इजाजत नहीं दी। इस पर पहलवानों ने कहा कि दिल्ली पुलिस उन्हें जहां रोकेगी, वे वहीं पर बैठकर महापंचायत करेंगे
- बृजभूषण ने विनेश को मंथरा कहा था
बृजभूषण पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पहलवानों की शिकायत पर दिल्ली में 2 FIR दर्ज हो चुकी हैं। इसके बावजूद बृजभूषण की तरफ से पहलवानों को लेकर लगातार बयानबाजी की जा रही है। UP के गोंडा में बृजभूषण ने पहलवान विनेश फोगाट को मंथरा बताया। बृजभूषण ने कहा- रामायण में जैसे मंथरा ने कुछ रोल प्ले किया था, कैकेयी ने रोल प्ले किया था, वैसे ही विनेश फोगाट मेरे लिए मंथरा बनकर आई हैं।
पहली बार हजारों पहलवान थे, इस बार तीन पति-तीन पत्नी हैं और सातवां कोई नहीं है। जैसे आज हम मंथरा को धन्यवाद देते हैं, कैकेयी को धन्यवाद देते हैं वैसे हम कुछ दिन बाद विनेश फोगाट को भी धन्यवाद देंगे। जब पूरा परिणाम आ जाएगा


