राजबीर सिंह छिछड़ाना और रेनू बनीं जौली की सरपंच

गोहाना, 15 जून । पंचायत उप चुनाव में गांव छिछड़ाना में राजबीर सिंह और गांव जौली में रेनू सरपंच का चुनाव जीतने में सफल रहे। दो गांवों में शाम छह बजे मतदान खत्म होने के बाद मतों की गणना की गई। जिसके बाद चुनाव परिणाम घोषित किया गया।
पंचायत उप चुनाव के चलते मतदान केंद्र पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। तीनों मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था। गांव छिछड़ाना में सरपंच राजेश की 11 दिसंबर, 2023 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह घटना के दिन सुबह बाइक पर खेत में जा रहे थे। उसके बाद से सरपंच का पद खाली था। गांव छिडड़ाना में पांच प्रत्याशी मैदान में थे। यहां पर कुल 3322 मतदाताओं में से 2360 ने मतदान किया। राजबीर को 1230 वोट के साथ विजयी रहे। प्रतिद्वंद्वी सहदेव को 971 वोट मिले। इसके अलावा प्रवीन को 137 वोट, जगबीर को 12 और सुरेश को 6 वोट मिले। चार लोगों ने किसी उम्मीदवार को पसंद नहीं किया और नोटा को वोट दिए।
रेनू 1487 वोट लेकर जौली की सरपंच बनीं
वर्ष 2022 में पंचायत चुनाव में यहां सरपंच पद के लिए पांच महिलाओं ने नामांकन किया था। इनमें लक्ष्मी कुमारी भी शामिल थीं। नामांकन पत्रों की जांच के बाद रिटर्निंग अधिकारी ने लक्ष्मी कुमारी का नामांकन पत्र रद्द कर दिया था। इस पर लक्ष्मी ने निर्णय को गलत बताते हुए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। हाईकोर्ट से फैसला आने के बाद अब चुनाव आयोग ने चुनाव कराने का आदेश दिया था। यहां दो महिलाएं मैदान में थीं। इस गांव में 4523 मतदाताओं में से 2557 ने मतदान किया। रेनू पत्नी सेवा सिंह 1487 वोट लेकर सरपंच बनीं। उनकी प्रतिद्वंद्वी रेनू पत्नी अरुण को 1067 वोट मिले। तीन लोगों ने नोटा काे वोट दिए।