भाजपा सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों को लेकर राज्यसभा सांसद किरण चौधरी ने गोहाना रेस्ट हाउस में किया पत्रकारवार्ता को संबोधित
प्रधानमंत्री ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को अपनाते हुए देश को दी नई दिशा - किरण चौधरी

-ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से पूरे विश्व ने देखी नव भारत व आत्मनिर्भर भारत की शक्ति
गोहाना, (अनिल जिंदल ), 12 जून। राज्यसभा सांसद किरण चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले 11 वर्षों में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को अपनाते हुए देश को नई दिशा में आगे ले जाने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री ने हमेशा आत्मनिर्भर व मेक इन इंडिया का नारा देते हुए अनेक योजनाएं लागू की, जिसके बलबूते पर जहां वर्ष 2014 से पहले देश की अर्थव्यवस्था 10वें स्थान पर थी लेकिन आज केन्द्र सरकार की नीतियों के कारण आज हमारी अर्थव्यवस्था विश्व की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बन पाई है।
राज्यसभा सांसद किरण चौधरी ने भाजपा सरकार के 11 साल संकल्प से सिद्धि अभियान के तहत गोहाना स्थित कृषि विभाग के रेस्ट हाउस में प्रैसवार्ता को संबंधित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्षों की अभूतपूर्व उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि यह कालखंड भारत के इतिहास में विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा का स्वर्णिम युग बनकर उभरा है। आज भारत वोट बैंक की राजनीति से नहीं, बल्कि दूरदर्शी नेतृत्व से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि ये 11 वर्ष केवल एक पड़ाव है, प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमारा लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को एक ‘विकसित राष्ट्र’ बनाना है। यह अमृत काल उस स्वर्णिम काल की नींव रखेगा, जहां भारत ज्ञान, विज्ञान, अध्यात्म और समृद्धि का विश्व गुरु बनेगा
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष भारत के नव-निर्माण, आत्म-विश्वास और वैश्विक पटल पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में पुन: स्थापना की एक स्वर्णिम गाथा है। इन 11 वर्षों में, हर भारतीय ने एक ऐसे भारत का उदय देखा है जो अपनी प्राचीन विरासत पर गर्व करता है, वर्तमान की चुनौतियों का डटकर सामना करता है और भविष्य के लिए महत्वाकांक्षी सपने संजोता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने बिना किसी भेदभाव के देश के सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास किया है और इसका सबसे बड़ा उदाहरण हरियाणा है आज हरियाणा में चारों तरफ नेशनल हाइवे और एक्सप्रेस वे का जाल बिछाया गया है, जिसके कारण यहां निवेश के अवसर पैदा हुए है। इसके अलावा हरियाणा में मेट्रों का जाल बिछाया जा रहा है। केन्द्र सरकार के प्रयासों से ही आज हरियाणा में मारूति जैसी बड़ी-बड़ी कंपनियां अपना निवेश कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महिलाओं को लगातार सशक्त बनाया है। 2015 में पानीपत से शुरू किए गए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान ने घटते लिंगानुपात में सुधार लाने में मदद की। नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसी पहलों की बदौलत अब महिलाएं राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी, जिसके तहत विधानसभाओं में एक तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की गई हैं। वर्ष 2014 से पहले लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं का प्रतिनिधित्व 10 प्रतिशत से भी कम था। इसके अलावा केन्द्र सरकार द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाएं है।
राज्यसभा सांसद ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से पूरे विश्व ने नव भारत व आत्मनिर्भर भारत की शक्ति को देखा। हमारी सेनाओं ने जिस प्रकार दुश्मन के घर में घुसकर आतंकवादियों के ठिकानों को ध्वस्त किया। इसके साथ ही हमारे डिफेंस सिस्टम ने दुश्मन के हर आक्रमण को हवा में ही ध्वस्त किया। उन्होंने कहा कि भारत डिफेंस के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की राह में तेजी से आगे बढ़ रहा है, जहां पहले भारत हथियार खरीदता था लेकिन आज केन्द्र सरकार ने डिफेंस के बजट को बढ़ाया, जिसके कारण हमारे देश ने स्वदेशी हथियारों का निर्माण किया और आज हमें अपने हथियारों को बाहर के देशों को बेच भी रहे हैं।
उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने किसान कल्याण के लिए भी अनेक योजनाएं चलाई है। केन्द्र सरकार द्वारा गरीब लोगों को मुफ्त में राशन, मकान तथा स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही है।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोहाना बिजेन्द्र मलिक, भाजपा नेता योगेश्वर दत्त, रामफल चिढाना, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ० धर्मबीर नांदल, बलराम कौशिक, प्रदीप सांगवान, रीना शर्मा, भूपेन्द्र मुदगिल, सूरत सिंह, जस्सी खुराना, परवीर सैनी, मुकेश रोहिल्ला, प्रवीन कश्यप, डॉ० राममेहर राठी, आशीष भनवाला, जगबीर जैन सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।