जनसंघर्ष मंच हरियाणा तथा निर्माणकार्य मजदूर मिस्त्री यूनियन ने संयुक्त रूप से मनाया अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस
गोहाना, 01 मई : आज दिनाँक 1 मई को अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर जनसंघर्ष मंच हरियाणा तथा निर्माणकार्य मजदूर मिस्त्री यूनियन के संयुक्त तत्वावधान में ब्रह्म भवन गोहाना में सभा का आयोजन किया| सभा में भारी संख्या में प्रवासी मजदूरों ने भाग लिया प्रकाश ठाकुर बिहार के मजदूर ने पुलिस द्वारा लेबर चौक पर उनके साथ किए जाने वाले दुर्व्यवहार के मामले को उठाया | रघबीर विरोधिया ने संबोधित करते हुए कहा कि 1886 को अमेरिका के शिकागो शहर में आठ घंटे की मांग को लेकर आंदोलन किया जिसकी याद में इस दिन को मनाया जाता है | साथी सूरज भान चहल ने कहा कि सबकुछ उत्पादन करते हुए भी मजदूर सारी सुविधाओं से वंचित हैं | रमेश सैनी ने कहा कि जो अधिकार मजदूरों ने लड़ कर प्राप्त किए थे वे सभी अधिकार समाप्त किए जा रहे हैं | सुनीता त्यागी ने कहा कि हम एक सुन्दर दुनिया बनाना चाहते हैं परंतु यह दुनिया तभी सुन्दर बनेगी जब मज़दूर वर्ग को वास्तव में उनकी मेहनत का हक प्राप्त होगा | इस पूंजीवादी समाज में मेहनतकश वर्ग को बांटने का षडयंत्र किया जा रहा है | सभा के मुख्य वक्ता डॉक्टर सी डी शर्मा ने मजदूरों की दयनीय स्थिति के बारे में बताते हुए कहा कि एक मई 1886 को मजदूरों की लड़ाई अभी भी चल रही है पूरी दुनिया मे पूंजीवादी ढांचा चरमरा रहा है | मजदूर वर्ग को संगठित करने की आवश्यकता है जो समाजवादी क्रान्ति का नायक है | जल्दी ही मानवता के लुटेरों को उखाड़ फैंक कर सुन्दर भविष्य का निर्माण करने में सफल होंगे | मंच संचालन महेश जी ने किया | इस अवसर पर राम निवास गढ़ी, मदन अत्री, अशोक कुमार, रोहतास, साधु राम, सतबीर, सेवा राम, सोनू, बीर मति, कमलेश विकास आदि कार्यकर्ताओं ने भाग लिया |