आपने मौका दिया, हर पल करूंगा आपकी सेवा : डॉ अरविंद शर्मा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व की सरकार करेगी जन उत्थान

गोहाना, 10 अप्रैल। सहकारिता, कारागार, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि वर्ष 1996 से इलाके की जनता-जनार्दन ने उन्हें अपना स्नेह और आशीर्वाद दिया है। आपका मुझपर कर्ज बहुत बड़ा है, लेकिन मैं हर पल आपकी सेवा करके इसे उतारने का काम करूंगा। आज प्रदेश में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व की सरकार जन उत्थान की दिशा में निरन्तर काम कर रही है, हमें मिलकर हर पात्र और जरूरतमंद को आगे बढाना है, ताकि देश और प्रदेश उन्नति कर सके।
वीरवार को सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा गोहाना विधानसभा में गांव चलो अभियान के साथ-साथ विधानसभा चुनाव में जीत पर धन्यवादी दौरे के तौर पर गांव महलाना, बागडू, तिहाड़ खुर्द, तिहाड़ कलां में पहुंचे। ग्रामीणों द्वारा सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा व उनकी धर्मपत्नी डॉ रीटा शर्मा का फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया। ग्रामीणों से संवाद करते हुए कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि वर्ष 1996 के चुनाव में इस इलाके ने जो आशीर्वाद देना शुरू किया था, उसकी बदौलत उन्होंने चार बार देश की सबसे बड़ी पंचायत में जनता का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने कहा कि आज उनके आशीर्वाद की बदौलत ही गोहाना विधानसभा में पहली बार कमल खिला और प्रदेश सरकार में इलाके की हिस्सेदारी मिली। डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश में किसान, गरीब कल्याण, युवा, महिला, श्रमिक, उद्यमियों समेत हर वर्ग और समुदाय के उत्थान को लेकर आम बजट में 2 लाख 5 हजार 17 करोड़ रुपए का आबंटन किया है। उन्होंने कहा कि दिन-रात प्रदेश की जनता की सेवा की जो भावना मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिखाई है, वही भावना आपको गोहाना हलके के सेवक के रूप में डॉ अरविंद शर्मा में देखने को मिलेगी। उन्होंने कहा कि जनता-जनार्दन की भलाई के लिए वो हमेशा तत्पर हैं और हर पल इलाके के विकास के लिए संकल्पबद्ध हैं।
बॉक्स
यमुनानगर रैली में गोहाना हलके से जाएंगे हजारों की भीड़
कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती के मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी यमुनानगर में चौधरी दीनबंधु छोटूराम थर्मल प्लांट की 800 मेगावाट यूनिट की आधारशिला रखेंगे। इस कार्यक्रम में गोहाना हलके से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता व आमजन भागीदारी करेंगे। इसी प्रकार 14 अप्रैल को हिसार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महाराजा अग्रसेन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का लोकार्पण करेंगे, जिससे प्रदेश का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बढ़ेगी।
बॉक्स
कैबिनेट मंत्री के अधिकारियों को निर्देश, विकास कार्यों में लाएं तेजी
सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने अपने धन्यवादी दौरे के दौरान ग्रामीणों द्वारा रखी गई मांगों के उचित निदान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि वो विकास कार्यों में तेजी लाएं। कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि महलाना गांव में गंदे पानी की निकासी के पुख्ता समाधान किया जाएगा। उन्होंने गांव में 2 नए ट्रांसफार्मर लगवाने की घोषणा की व बड़वासनी पावर हाउस अगले 2 महीने में शुरू हो जाएगा, तब महलाना की बिजली आपूर्ति को उससे जोड़ा जाएगा।
इस मौके पर गोहाना भाजपा जिलाध्यक्ष बिजेन्द्र मलिक, सरपंच मोनिका व रविन्द्र, भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय दहिया, नरेन्द्र गहलावत, सुमित, प्रताप सिंह, विनोद पंडित, नरेन्द्र, रमेश चन्द्र, दर्शन, राजकरण, सूरज,जगमाल, सुभाष चन्द्र, प्रदीप नम्बरदार, मंजीत, रीना शर्मा, शीला लाकड़ा, राजेश भावड, कपूर, करतार मलिक, रोहतास, हरिओम, दिलबाग नम्बरदार आदि उपस्थित रहे।


