डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में पोक्सो के बारे में अध्यापकों को दी गई जानकारी

सोनीपत : 25 जनवरी : डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के अध्यापकों को पोक्सो अधिनियम (Protection of Children from Sexual Offences Act) के विभिन्न प्रावधानों और उनके पालन की जानकारी दी गई। इस कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति संवेदनशील बनाना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राकेश कलारा, और दिनेश जी रहे। उन्होंने पोक्सो अधिनियम के महत्व को विस्तार से समझाते हुए इसके विभिन्न नियमों और प्रावधानों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को यौन अपराधों से सुरक्षा प्रदान करने के लिए बनाया गया है और इसका उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण प्रदान करना है।
राकेश कलारा ने सभी शिक्षकों को इस अधिनियम के तहत उनकी जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई भी संदिग्ध घटना विद्यालय में सामने आती है, तो उसकी सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दी जानी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने विद्यालय में एक मजबूत और सुरक्षित तंत्र स्थापित करने पर जोर दिया, ताकि बच्चों को किसी भी प्रकार के शोषण से बचाया जा सके।
राकेश कलारा ने कहा कि विद्यालय और शिक्षक बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और ऐसे में उनका संवेदनशील और जागरूक होना आवश्यक है।
अध्यापकों ने इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को बेहद लाभकारी बताया और वादा किया कि वे बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध रहेंगे। विद्यालय प्रबंधन ने भी आश्वासन दिया कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि बच्चों की सुरक्षा के प्रति एक मजबूत और संवेदनशील माहौल बनाया जा सके।



