लाला मातुराम हलवाई की दुकान पर पहुंच कर सी.एम. ने खुद बनाई जलेबियां और अपने साथियों के साथ खाई भी

गोहाना :-1 नवम्बर : गोहाना के शिव चौक स्थित लाला मातुराम हलवाई की दुकान पर शुक्रवार को प्रदेश के सी. एम. नायब सिंह सैनी इनकी गर्म जलेबियों का स्वाद लेने के लिए पूरे लाव-लश्कर के साथ पहुंचे। उन्होंने दुकान पर अपने हाथ से जलेबियां बनाई भीं। वह गोहाना में हरियाणा दिवस और विश्वकर्मा जयंती पर हुए एक सामाजिक समारोह में सी. एम. के तौर पर पहुंचे।
पहले लोकसभा चुनाव और उसके बाद विधानसभा चुनाव में राहुल गाँधी द्वारा जलेबियों की फैक्टरी वाले ब्यान से लगातार सुर्खियों में रहीं मातुराम की देसी घी की जलेबियां खाने के लिए कार्यक्रम के बाद उनका काफिला अचानक पुरानी अनाज मंडी की ओर हो गया जहां लाला मातुराम की देश-विदेश में प्रसिद्ध जलेबियों की सबसे पुरानी दुकान है। उनके साथ हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और कैबिनेट मंत्री डॉ.अरविंद शर्मा भी थे।
नायब सिंह सैनी लाला मातुराम की दुकान में हलवाइयों द्वारा गर्म-गर्म जलेबियां तलते देख अचानक उनकी ओर बढ़ने लगे तो किसी की एकबारगी कुछ भी समझ में नहीं आया कि सी.एम. क्या करने वाले हैं। उन्होंने दुकान के मालिक नीरज गुप्ता और रमन गुप्ता को इशारे से अपने पास बुलाया।
उस के बाद नायब सिंह सैनी ने पूछ-पूछ कर जलेबिया तली तथा उनको चाशनी से भरी कड़ाहियों में डाला भी। अपने हाथ से जलेबियां बनाते हुए सी. एम. बेहद रोमांचित नजर आए। बाद में उन्होंने अपनी ही बनाई जलेबियां अपनी टीम के साथ बहुत स्वाद ले कर खाई ।



