गोहाना में भगवान विश्वकर्मा जयंती और हरियाणा दिवस पर आयोजित महाभोज और सांस्कृतिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत

गोहाना :-1 नवम्बर : गोहाना के महम रोड स्थित बुलबुल गार्डन में शुक्रवार को भगवान विश्वकर्मा जयंती और हरियाणा दिवस के अवसर पर महाभोज और भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। मुख्यमंत्री के रूप में दूसरी बार शपथ लेने के बाद यह उनका गोहाना का पहला दौरा था। कार्यक्रम स्थल पर भाजपा पदाधिकारियों और विधायकों की ओर से मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। इस समारोह का संयोजन सोनीपत भाजपा के जिला प्रवक्ता आनंद हुड्डा ने किया। सी.एम. ने प्रदेशवासियों को भगवान विश्वकर्मा जयंती,हरियाणा
दिवस, दीपावली, भैया दूज और गोपाष्टमी की शुभकामनाएं दी।
नायब सैनी ने कहा कि आज गोहाना में नव निर्वाचित विधायकों का सम्मान समारोह रखा गया है। चुनाव में हमने जो संकल्प लिया था, अब उसको पूरा करने का समय आ गया है। कांग्रेस का कमाल देखिए, मुखिया ने कह दिया था 2 लाख नौकरी देंगे। कोई कह रहा था कि मेरे हिस्से में इतनी नौकरी आएगी। जयराम रमेश तो नौकरी का रिजल्ट रुकवाने इलेक्शन कमीशन ही पहुंच गए।
एक तरफ तो कांग्रेस के लोग खुद को युवाओं का हितैषी बता रहे थे, दूसरी तरफ नौकरी पर रोक लगवाकर युवाओं के विरोधी बनकर खड़े होते थे।
एक इनके, रणदीप सुरजेवाला साहब। कोई छींक भी मारेगा तो वह चंडीगढ़ पहुंच जाएंगे। उसके पास कोई काम नहीं है। सैनी ने और कार्यक्रम में आई हुई जनता ने उन्हें सरकारी डूम कहकर खूब चटकारे लिए।
नायब सैनी ने आगे कहा कि मैंने सीएम की कुर्सी संभालने से पहले युवाओं को नौकरी देने के वादे को पूरा किया। 25 हजार युवाओं को जॉइनिंग लेटर देने के बाद सीएम पद की शपथ ली है। जब मैं सांसद था लोग अस्पतालों में फ्री डायलिसिस के लिए हमसे फोन कराते थे। कुछ ऐसे भी थे, जो हम तक नहीं पहुंच पाते थे। अब सरकार ने सारी जांच फ्री कर दी हैं। हमने अपना संकल्प पूरा किया।
पूर्व सीएम मनोहर लाल ने प्रदेश में मजबूत सिस्टम खड़ा किया है। अब उसी से प्रदेश को आगे बढ़ा रहे हैं। विकास कार्यों की पूरी लिस्ट तैयार की है। समस्याओं का बिना भेदभाव के समाधान करेंगे। सरकार विकसित हरियाणा बनाने का काम करेगी। आज हरियाणा 58 साल का हो गया है। हरियाणा में विकास की गति को हमारी सरकार तेज करेगी।
सीएम नायब सैनी ने गन्नौर विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र कौशिक और निर्दलीय उम्मीदवार देवेंद्र कादियान को लेकर खूब चटकारे लिए । वे दोनों ही मंच पर थे औए एक दूसरे के साथ ही बैठे थे। सीएम ने कहा कि देवेंद्र कौशिक और देवेंद्र कादियान के बीच कुश्ती हो गई थी। दोनों ही पहलवान लड़ रहे थे। दोनों में से कोई एक तो जीतेगा, हमने तो ताली बजानी थी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंच से हाथ हिलाकर जनता का आभार व्यक्त किया और भाजपा के पदाधिकारियों और विधायकों के साथ जनता का अभिवादन किया। इस अवसर पर उनके साथ मंच पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, विधानसभा के डिप्टी स्पीकर
डॉ कृष्ण मिड्डा, सोनीपत के विधायक निखिल मदान,
खरखौदा के विधायक पवन खरखौदा, गन्नौर के
विधायक देवेंद्र काद्यान, सोनीपत भाजपा के जिलाध्यक्ष
जसबीर दोदवा, जींद भाजपा के जिला अध्यक्ष तेजेंद्र
ढुल, विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रहे प्रदीप
सांगवान, देवेंद्र कौशिक, कैप्टन योगेश बैरागी, गोहाना
नगर परिषद की चेयरपर्सन रजनी इंद्रजीत विरमानी
विरमानी के साथ गुलशन विरमानी, इंद्रजीत विरमानी,
वीरेंद्र आर्य, परमवीर सैनी, बलराम कौशिक, सुनील
वत्स, डॉ. राम मेहर राठी, अरुण बड़ौक, संजय सैनी,
परशुराम गौड़, सुरेंद्र जवाहरा, प्रवीण कश्यप, सुमित
कक्कड़ आदि भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विभिन्न स्थानों से आए कलाकारों ने हरियाणवी संस्कृति पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीता और समां बांध दिया । पारंपरिक नृत्य और गीतों के माध्यम से हरियाणवी संस्कृति की झलक दिखाई गई, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य भगवान विश्वकर्मा जयंती और हरियाणा दिवस की गरिमा को बढ़ाते हुए सांस्कृतिक धरोहर को संजोना था।
हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है। डबल इंजन की सरकार विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का काम करेगी और संकल्प पत्र में किए गए सभी वादों को पूरा किया जाएगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शुक्रवार को गोहाना में भाजपा की ओर से शुक्रवार को भगवान विश्वकर्मा जयंती व हरियाणा दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम में पहुंचे थे। पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने एक सवाल के जवाब में कहा कि गोहाना जिला बनाने की प्रक्रिया चल रही है। अगली बार गोहाना में किसी बड़े कार्यक्रम में आएंगे तो गोहानावासियों को तोहफा दिया जाएगा।
जनता स्कूल बुटाना को विश्वविद्यालय बनाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अगर गोहाना की जनता मांग करेंगी तो उस पर संज्ञान लिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के उस बयान आगे सत्य की जीत होगी पर भी कटाक्ष किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की जीत क्या सत्य की जीत नहीं है क्या।
कांग्रेस ने राष्ट्रपति, उप राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री,बाबा भीम राव आंबेडकर का कभी सम्मान नहीं किया। झूठ बोलने वालों को झूठ ही दिखाई देता है। भाजपा को जनता ने दिल खोलकर पूर्ण बहुमत दिया है। कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक व तेलंगाना में संकल्प पत्र के वादों को पूरा नहीं किया। अब महाराष्ट्र व झारखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत होगी।



