जननायक जनता पार्टी की बरोदा गांव की जनसभा में जजपा सुप्रीमो का दावा : पार्टी के पास जिताऊ उम्मीदवारों की कोई कमी नहीं, भाजपा के साथ कांग्रेस को भी सबक सिखाएगी जनता: डॉ. अजय चौटाला
पवन शर्मा, संदीप भनवाला हलका अध्यक्ष नियुक्त जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने मोई हुड्डा गांव के सरपंच पवन शर्मा को बरोदा हलके का अध्यक्ष नियुक्त करने की घोषणा की। गोहाना हलके का अध्यक्ष एक बार फिर से कासंडी गांव के संदीप भनवाला को बनाया गया है।
गोहाना :-11 अगस्त : जननायक जनता पार्टी के सुप्रीमो डॉ. अजय सिंह चौटाला ने रविवार को कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव मे जनता भाजपा के साथ कांग्रेस को भी सबक सिखाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जजपा के पास जिताऊ उम्मीदवारों की कतई कोई कमी नहीं है। वह बोले : संघर्ष हमें विरासत में मिला है और हमारे कार्यकर्ताओं की मेहनती फौज संघर्ष से बदलाव लाना बखूबी जानती है।
डॉ. अजय सिंह चौटाला बरोदा हलके के बरोदा गांव में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने व्यंग्य किया कि सी.एम. नायब सिंह सैनी अपने ही गुरु पूर्व सी.एम. मनोहर लाल खट्टर की सरकार के फैसले पलट रहे हैं। उन्होंने कहा कि सैनी यू-टर्न मारते हुए जनता को लॉलीपॉप देने का प्रयास कर रहे हैं।
जजपा सुप्रीमो ने पूर्व सी.एम. भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनके
सांसद बेटे दीपेंद्र सिंह हुड्डा को भी आड़े हाथों लिया । उन्होंने आरोप लगाया कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा 9.6 साल तक विधानसभा में चुप्पी साध भाजपा की हां में हां मिलाते रहे। अब बाबू-बेटा हिसाब मांगने के नाम पर विरोध का ढकोसला कर रहे हैं ।
डॉ. अजय सिंह चौटाला ने कहा कि अपने विरोधियों द्वारा किए जा रहे दुष्प्रचार का जजपा जवाब देगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सिरे से नकार देगी तो कांग्रेस से भी उसके राज के भ्रष्टाचार और भेदभाव के लिए बदला लेगी।
इस अवसर पर पूर्व विधायक रमेश खटक, जिला अध्यक्ष राज सिंह दहिया के साथ कुलदीप मलिक, बलजीत मलिक, शीलू खासा, अशोक मोर, सुरेंद्र मलिक, जुगतीराम स्वामी, डॉ. जोनी लठवाल, बबलू वाल्मीकि, सुरेश धवन, रजनी मलिक, मोनू शर्मा, अनिल मान आदि भी मौजूद रहे।



