मोहन लाल बड़ौली ने गोहाना के कम्युनिटी सेंटर से प्रारंभ हुई प्रदीप सांगवान की तिरंगा यात्रा का किया शुभारंभ
भाजपा इस बार स्पष्ट बहुमत की सरकार का देगी नारा : बड़ौली
गोहाना :-11 अगस्त : 2019 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 75 पार का नारा दिया था। लेकिन भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के अनुसार इस बार के चुनाव में यह नारा स्पष्ट बहुमत की सरकार का होगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में टिकटों का आवंटन सर्वेक्षण के आधार पर होगा। मोहन लाल बड़ौली शहर में कम्युनिटी सेंटर से प्रारंभ तिरंगा यात्रा का शुभारंभ करने आए थे । इस तिरंगा यात्रा का संयोजन भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य प्रदीप सांगवान ने किया। तिरंगा यात्रा के बाद बड़ौली ने सांगवान के कार्यालय का भी उद्घाटन किया। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ सेक्टर 7 स्थित कम्युनिटी सेंटर से हुआ । प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली विलंब से तब पहुंचे जब यात्रा पूर्ण हो चुकी थी । पत्रकारों से बातचीत में मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि सी.एम. नायब सिंह सैनी प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में रैली करेंगे। इन रैलियों की शुरुआत शीघ्र हो जाएगी । भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने इंकार किया कि उन्होंने सोनीपत संसदीय सीट के प्रत्याशी के रूप में अपनी पार्टी के किसी भी नेता पर कभी भी भीतरघात का कोई आरोप लगाया । उन्होंने उलटे कहा कि उन्हें जो क्लिप दिखाई गईं, वे भी पत्रकारों द्वारा ही दिखाई गईं।

मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि कर्मचारियों को नियमित करने में कोई वर्ग अगर छूट गया है, प्रदेश की सरकार उस पर भी विचार करेगी। उनके अनुसार 25 अगस्त को पी.एम. की मन की बात के एपिसोड का प्रसारण बूथ लेवल पर दिखाया जाएगा। तिरंगा यात्रा में भाजपा के प्रदेश सचिव पं. उमेश शर्मा, जिला अध्यक्ष जसबीर दोदवा, पूर्व जिला अध्यक्ष तीर्थ सिंह राणा और मनोज जैन, वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह मलिक, सुमित कक्कड़, डॉ. ओम प्रकाश शर्मा, बलराम कौशिक, नरेंद्र गहलावत, रजनीश मलिक, महावीर गुप्ता, बिजेंद्र मलिक उर्फ मल्ला, वीरेंद्र सिंह आर्य, गुलशन विरमानी, इंद्रजीत विरमानी, जयदेव देशवाल, शेर सिंह बेडवाल, डॉ. राम मेहर राठी आदि ने भी भाग लिया। तिरंगा यात्रा के लिए सानिध्य प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रदीप सांगवान की मां और लगातार तीन बार सांसद रहे स्व. किशन सिंह सांगवान की पत्नी रोशनी देवी का रहा।



