अनुराग ढांडा के साथ भगवंत मान संबोधित करेंगे आम आदमी पार्टी की गोहाना में होने वाली बदलाव रैली को
गोहाना :-10 अगस्त : प्रदेश भर में 45 बदलाव रैलियां करने की शृंखला में सोमवार को दोपहर 12 बजे आम आदमी पार्टी शहर की नई अनाज मंडी में बदलाव रैली आयोजित करेगी। इस बदलाव रैली को पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा के साथ पंजाब के सी.एम. भगवंत मान भी संबोधित करेंगे।
यह जानकारी शनिवार को पार्टी के बरोदा हलके के नेता संदीप मलिक ने दी। वह आम आदमी पार्टी के शहरी जिला अध्यक्ष राजेश सरोहा, ग्रामीण जिला अध्यक्ष महेंद्र छिक्कारा, युवा विंग के जिला अध्यक्ष अनुराग मलिक और प्रदेश सचिव मोना सिवाच के साथ पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे ।
संदीप मलिक ने बरोदा विधानसभा क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा हो या कांग्रेस, दोनों दलों ने इस हलके की निरंतर उपेक्षा की। अपने दस साल के शासनकाल में भाजपा ने इस हलके में एक भी काम नहीं किया तो उससे पहले कांग्रेस के दस साल के राज में हलके को अनदेखी का दंश बर्दाश्त करना पड़ा ।
आम आदमी पार्टी के नेता मलिक ने बरोदा हलके के कांग्रेस विधायक इंदुराज नरवाल को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि 4 साल पहले 3 नवंबर 2020 को हुए उप चुनाव में भाजपा ने जो चुनावी वायदों की बौछार की थी, उनमें कोई भी वायदा पार्टी ने पूरा नहीं किया।



