गोहाना में इनेलो-बसपा कार्यकर्ता मिलन समारोह का आयोजन
आकाश आनंद को आशंका : आरक्षण में कोटे में कोटे के अधिकार का दुरुपयोग कर सकती हैं राज्य सरकारें
गोहाना :-6 अगस्त : हम मांगेंगे नहीं, हम हिसाब करेंगे और ऐसा करेंगे कि तीन पीढ़ियां याद रखेंगी। यह हुंकार मंगलवार को इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव अभय सिंह चौटाला ने भरी। बहुजन समाज पार्टी के नेशनल कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद ने आशंका व्यक्त की कि सुप्रीम कोर्ट ने आरक्षण में कोटे में कोटे का जो अधिकार राज्य सरकारों को दिया है, वे उस अधिकार का दुरुपयोग कर सकती हैं।
अभय सिंह चौटाला और आकाश आनंद गोहाना की नई अनाज मंडी में सोनीपत लोकसभा क्षेत्र के संयुक्त इनेलो बसपा कार्यकर्ता मिलन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
इस सम्मेलन में बसपा के पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के प्रभारी रणधीर सिंह बैनीवाल और प्रदेश अध्यक्ष धर्मपाल तिगरा, इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मंत्री रामपाल माजरा, वरिष्ठ नेत्री सुनैना चौटाला के साथ पूर्व विधायक रामफल कुंडू भी पहुंचे।
इनेलो के राष्ट्रीय महासचिव अभय सिंह चौटाला ने कहा कि उनके पिता चौ. ओम प्रकाश चौटाला ही थे जिन्होंने तीसरे मोर्चे के गठन की पहल की थी। लेकिन कांग्रेस ने साजिश रचते हुए इनेलो को ही उस मोर्चे में शामिल नहीं होने दिया तो बिहार के सी. एम. नीतीश कुमार को इंडिया गठबंधन से बाहर निकलने
के लिए मजबूर कर दिया।
उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में इनेलो के साथ गठबंधन कर लिया होता, प्रदेश की सब दस सीटों पर गठबंधन की जीत होती ।
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि लोकसभा चुनाव में पूर्व सी. एम. भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने जानबूझ कर कमजोर उम्मीदवार खड़े किए ताकि उनके बेटे के अलावा कोई दूसरा उम्मीदवार जीत ही न पाए। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव के लिए मायावती भी चाहती थीं कि बसपा से इनेलो का गठबंधन हो। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि भाजपा की सत्ता में वापसी न हो और कांग्रेस भी सत्ता में लौट न पाए।
इनेलो के राष्ट्रीय महासचिव ने सी.एम. नायब सिंह सैनी पर व्यंग्य किया कि देश के इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है जब एक सी.एम. अपनी ही पार्टी के पूर्व सी.एम. के फैसलों को पलट रहा है।
उन्होंने ओल्ड पेंशन स्कीम बहाल करने के वायदे के लिए पूर्व सी.एम. हुड्डा पर तीखा प्रहार किया और उन्हें याद दिलाया कि इसे खत्म उन्हीं की सरकार ने किया था ।
अभय चौटाला ने कहा कि इनेलो-बसपा गठबंधन की सरकार बनने पर बुढ़ापा पेंशन की उम्र 60 साल से घटा कर 58 साल की जाएगी।
इनेलो के दिग्गज नेता ने यह भी कहा कि गठबंधन के सत्तारूढ़ होने पर चंडीगढ़ पर दावा छोड़े बिना प्रदेश के किसी केंद्रीय स्थान पर अपनी अलग राजधानी बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि गठबंधन की सरकार अलग हाई कोर्ट भी बनाएगी।
बसपा सुप्रीमो मायावती के भतीजे और पार्टी के नेशनल कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद ने कहा कि अब तक आरक्षण का अधिकार राष्ट्रपति और देश की संसद को था। लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने कोटे में कोटे का जो अधिकार राज्य सरकारों को दिया है, उस अधिकार का गलत इस्तेमाल करते हुए ये सरकारें किसी भी जाति को मनमाने तरीके से आरक्षण के दायरे से बाहर कर सकती हैं अथवा शामिल कर सकती हैं ।
आकाश आनंद ने भाजपा और कांग्रेस के साथ एक साथ निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक पार्टी सत्ता में रह कर जनता के लिए कुछ करती नहीं है, दूसरी पार्टी विपक्ष में होते हुए उसे घेरती नहीं है।
इनेलो-बसपा के साझे कार्यकर्ता मिलन समारोह में दोनों दलों के प्रमुख नेताओं में जोगेंद्र मलिक, मलिक, ओम प्रकाश गोयल, डॉ. कुलबीर सिंह सांगवान, विजय मग्गो, राजेश हसीजा, अतुल मलिक, कुणाल गहलावत, राम किशन मलिक, सुरेंद्र सिरसाढ़, दिलबाग मलिक, धज्जाराम नरवाल, जीतेंद्र रंगा, सत्यवीर रंगा, सरिता ग्रोवर, धर्मबीर वाल्मीकि आदि भी पहुंचे।



