भारतीय जनता पार्टी के नेता प्रदीप सांगवान निकालेंगे तिरंगा यात्रा, बड़ौली दिखाएंगे हरी झंडी
गोहाना :-4 अगस्त : भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य प्रदीप सांगवान निकालेंगे तिरंगा यात्रा, बड़ौली दिखाएंगे हरी झंडी कार्यकारिणी के सदस्य प्रदीप सांगवान 11 अगस्त को शहर के सेक्टर 7 स्थित कम्युनिटी सेंटर से तिरंगा यात्रा निकालेंगे। इस तिरंगा यात्रा को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली हरी झंडी दिखाएंगे। यह जानकारी रविवार को गवर्नमेंट कॉलेज मोड़ पर स्थित अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में स्वयं प्रदीप सांगवान ने दी। उनके साथ सोनीपत भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष मनोज जैन और गोहाना भाजपा मंडल के अध्यक्ष सुमित कक्कड़ भी मौजूद रहे। प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य प्रदीप सांगवान ने कहा कि भाजपा ने कुरुक्षेत्र से विधानसभा चुनावों का बिगुल फूंक दिया है। इस कड़ी में प्रदेश की सभी 90 विधानसभा सीटों पर
शंखनाद रैलियां होंगी। गोहाना हलके की शंखनाद रैली भी शीघ्र निश्चित हो जाएगी। प्रदीप सांगवान ने दावा किया कि सी. एम. नायब सिंह सैनी ने शहर की नई अनाज मंडी में 22 जून को संत कबीर जयंती पर हुए राज्य स्तर के समारोह में गोहाना को जिला बनाने का जो वायदा किया था, उसे उनकी सरकार जरूर पूरा करेगी। इस के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया जा रहा है।
भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य ने यह भी कहा कि बुटाना गांव में स्थित जनता शिक्षण संस्थाओं को यूनिवर्सिटी बनाने का निर्णय हो चुका है, इस आशय का नोटिफिकेशन बहुत जल्दी जारी हो जाएगा। इन संस्थाओं के यूनिवर्सिटी बनने से क्षेत्र में शिक्षा के विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी ।



