आकाश आनंद के साथ अभय चौटाला 6 को करेंगे रैली
गोहाना :-3 अगस्त : इंडियन नेशनल लोकदल और बहुजन समाज पार्टी में चुनावी गठबंधन के बाद दोनों दलों के शीर्षस्थ नेता 6 अगस्त को शहर की नई अनाज मंडी में रैली करेंगे। इस रैली को बसपा के नेशनल कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद तथा इनेलो के राष्ट्रीय महासचिव अभय सिंह चौटाला संबोधित करेंगे।
शनिवार को शहर में बरोदा हलके के दोनों दलों के प्रमुख नेताओं की तैयारी बैठक हुई। इस बैठक में अभय सिंह चौटाला को भावी सी.एम. के रूप में प्रस्तुत किया गया। बसपा की ओर से जहां सरिता ग्रोवर और हरिओम बौद्ध पहुंचे, वहीं इनेलो के प्रदेश सचिव जोगेंद्र सिंह मलिक और जिला अध्यक्ष एडवोकेट कृष्ण मलिक के साथ वरिष्ठ नेता सुरेंद्र सिंह लठवाल और डॉ. कुलबीर सिंह
सांगवान भी पहुंचे। इनेलो और बसपा के नेताओं ने कहा कि प्रदेश की जनता ने पहले कांग्रेस का दस साल तक राज झेला और उसके बाद समान अवधि के लिए भाजपा को भी आजमा लिया। इन दोनों दलों से जनता का पूरी तरह से मोहभंग हो चुका है। अब मतदाता इनेलो-बसपा गठबंधन की तरफ बड़ी आस भरी निगाहों से देख रहे हैं। इनेलो के प्रदेश सचिव जोगेंद्र सिंह मलिक ने कहा कि 6 अगस्त को शहर की नई अनाज मंडी में बसपा सुप्रीमो और पूर्व सी.एम. मायावती के भतीजे आकाश आनंद और इनेलो के राष्ट्रीय महासचिव अभय सिंह चौटाला की साझी रैली प्रदेश की अगली सरकार इस गठबंधन की ही बनने का शंखनाद करेगी।



