कांग्रेस ने गोहाना विधानसभा के हर बूथ, हर व्यक्ति तक पहुंचने की बनाई रणनीति
गोहाना :-3 अगस्त : हरियाणा मांगे हिसाब-कांग्रेस से है आस अभियान में कांग्रेस गोहाना विधानसभा क्षेत्र के हर बूथ और हर व्यक्ति तक पहुंचेगी। शनिवार को इस की रणनीति तैयार करने के लिए हाईकमान द्वारा कोर्डिनेटर नियुक्त कुलदीप उर्फ के.डी. शहर में पहुंचे। उन्होंने हलके के विधायक जगबीर सिंह मलिक के साथ पुराने बस स्टैंड पर स्थित उनके निवास पर बैठक करते हुए इस की रणनीति तैयार की।
जगबीर सिंह मलिक और कुलदीप उर्फ के. डी. ने कहा कि आज प्रदेश का एक भी वर्ग ऐसा नहीं है जो भाजपा सरकार से खुश हो। इस सरकार का चाबुक सब पर चला है। ऐसे में जनता को तो प्रतीक्षा है उस घड़ी की जब वह वोट की चोट से इस सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।
उन्होंने कहा कि हरियाणा मांगे हिसाब अभियान में हर व्यक्ति और हर बूथ तक पहुंच कर जहां वर्तमान शासन की कारगुजारियों का पर्दाफाश किया जाएगा, वहीं यह भी बताया जाएगा कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने पर क्या-क्या किया जाएगा। इस अवसर पर कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में आजाद सिंह दांगी, जितेंद्र जांगड़ा, सोनू सैन, सुरेश कश्यप, सतबीर पौडिया, राजपाल कश्यप, जगशेर नूरनखेड़ा और आजाद सिंह के साथ सोनीपत जिला परिषद के जिला पार्षद जय सिंह मलिक भी मौजूद रहे।



