बरोदा के विधायक ने कांग्रेस हाईकमान के जिताऊ दावेदारों को ही प्रत्याशी बनाने के निर्णय की वकालत की
मुझ से मजबूत कोई ओर हो, बेशक उसे टिकट दे दें : नरवाल

गोहाना :-16 जुलाई : बरोदा हलके में मुझ से मजबूत कोई ओर हो तो कांग्रेस हाईकमान बेशक उसे टिकट दे दे। मंगलवार को यह खुली पेशकश इस हलके के विधायक इंदुराज नरवाल ने की। उन्होंने पार्टी के इस निर्णय की जम कर वकालत की कि जिताऊ दावेदारों को ही प्रत्याशी बनाया जाएगा। वैसे उन्होंने यह दावा साथ में किया कि उपचुनाव में विजयश्री अर्जित करने के बाद वह घर नहीं बैठे। वह 24 घंटे जनता के बीच बने रहे, ग्रामीणों के हर सुख-दर्द में उनका साथ दिया ।
इंदुराज नरवाल ने अपने कार्यालय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई। यह बैठक रोहतक लोकसभा क्षेत्र के सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा की हरियाणा मांगे हिसाब-कांग्रेस से है आस यात्रा के लिए की गई । दीपेंद्र इस यात्रा के साथ 19 जुलाई की सुबह बरोदा हलके के बुटाना गांव में पहुंचेंगे तथा वहां से गंगाणा गांव तक पांच किलोमीटर की पदयात्रा करेंगे। तैयारी बैठक में आम आदमी पार्टी की युवा विंग के जिला सचिव रवि भैंसवाल अपने साथियों सहित कांग्रेस में शामिल हो गए।
नरवाल ने कहा कि 2004 से पहले भले ही किसी भी पार्टी की सरकार रही, जेलों से चलती रही । जब भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश की कमान संभाली, तब उनके दस साल के राज में बदमाश या तो हरियाणा छोड़ कर भाग गए, या जेल में पहुंच गए या सीधे ऊपर ही चले गए। उन्होंने आरोप लगाया कि भय का माहौल भाजपा ने पैदा किया।
कांग्रेस विधायक ने दिल्ली पुलिस और हरियाणा पुलिस के उन अफसरों को सैल्यूट किया जिन्होंने एनकाउंटर करते हुए तीन बदमाशों को मार गिराया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों से सरकार से ऊपर जा कर हिम्मत दिखाई। उन्होंने कहा कि भाजपा के राज में अब भी सरेआम फिरौतियां मांगी जा रही हैं। इंदुराज नरवाल ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता प्रत्येक घर में जाएंगे। कार्यकर्ता हरियाणा मांगे हिसाब के पोस्टर बांटेंगे इन्हीं पोस्टरों के पीछे कॉलम बनाया गया है जिसमें कोई भी अपने नाम और मोबाइल नंबर को दर्ज करते हुए अपना सुझाव या तकलीफ बयान कर सकता है। उन्हें सीधा कांग्रेस हाईकमान को भेजा जाएगा। उसी के आधार पर विधानसभा चुनाव के लिए घोषणापत्र तैयार होगा। वह घोषणापत्र कांग्रेस का नहीं, स्वयं जनता का होगा ।



