राजवीर सिंह दहिया ने गोहाना में सम्मानित किए ग्रामीण सफाई कर्मचारी

गोहाना :-14 जुलाई : सोनीपत मार्कीट कमेटी के पूर्व चेयरमैन राजवीर सिंह दहिया ने रविवार को शहर में सोनीपत रोड पर नई सब्जी मंडी के निकट स्थित अपने कार्यालय में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को सम्मानित किया ।
उन्होंने ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को स्वच्छता योद्धा की संज्ञा दी तथा सरकार से उनकी मांगें पूरी करवाने का वायदा किया। गांवों में इस समय आबादी के हिसाब से एक से चार सफाई कर्मचारी नियुक्त हैं।
सम्मान समारोह की अध्यक्षता सोनीपत ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष कर्मबीर सिंह तथा इस यूनियन की गोहाना इकाई के अध्यक्ष जगत सिंह ने की।कार्यक्रम में सोनीपत पंचायत समिति के चेयरमैन नवीन निनानिया और वाइस चेयरमैन पूनम देवी भी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि राजवीर सिंह दहिया से ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने मांग की कि उन्हें शहरी सफाई कर्मचारियों के बराबर वेतन और सुविधाएं मिलें । उन्होंने रोष व्यक्त किया कि उनका एक तो वेतन बहुत कम है, उस पर कई-कई महीनों के लंबे इंतजार के बाद भुगतान होता है।
दहिया, जो भाजपा के दिग्गज नेता हैं, ने ग्रामीण सफाई कर्मचारियों से वायदा किया कि वह सी.एम. से आग्रह कर उनकी मांगों को पूरा करवाने का प्रयास करेंगे ।



