सी.एम. ने नंबरदारों की मांगें पूरी करने का दिया आश्वासन

गोहाना :-14 जुलाई : प्रदेश के सी. एम. नायब सिंह सैनी ने नंबरदारों को उनकी मांगें मानने का आश्वासन दिया । यह आश्वासन उन्होंने उस प्रतिनिधिमंडल को दिया जिसने चंडीगढ़ में उनसे अपनी मांगों से अवगत करवाने के लिए मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल में सुरेंद्र जवाहरा, लहणा सिंह, फूल सिंह,
रामेश्वर सिंह, सुरेश पाल, गुरुपाल और मराठा सुरजीत सिंह थे। सी.एम. को दिए गए ज्ञापन में प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि प्रदेश में नंबरदारों की व्यवस्था को समाप्त नकिया जाए, उन्हें जिले के स्थान पर पूरे प्रदेश में फ्री बस यात्रा की सुविधा दी जाए, नंबरदार के 70 साल का होने पर उसके बेटे को सरभरा नंबरदार बनाने की पुरानी व्यवस्था को बहाल किया जाए, उनका मानदेय बढ़ा कर 11 हजार रुपए मासिक किया जाए।
प्रतिनिधिमंडल ने सी.एम. से आग्रह किया कि वह प्रदेश स्तर का नंबरदार सम्मेलन करने के लिए समय मुहैया करवाएं। नायब सिंह सैनी ने इस के लिए स्वीकृति दे दी । नंबरदार सम्मेलन के स्थान और समय का निर्धारण जल्दी हो जाएगा। संभावना है कि उस सम्मेलन में नंबरदारों को राज्य सरकार कई सौगातें दे सकती है। सी.एम. नायब सिंह सैनी से नंबरदारों की मुलाकात के समय मंत्री सुभाष सुधा और विधायक राम कुमार कश्यप भी उपस्थित रहे।



