सोनीपत जिला परिषद के पूर्व जिला पार्षद ने भाजपा हाईकमान से की मांग-किसी भी पुराने कार्यकर्ता को टिकट दें, पर बाहरी को नहीं : जगमेंद्र जौली

गोहाना :-13 जुलाई : शनिवार को सोनीपत जिला परिषद के पूर्व जिला पार्षद और दिग्गज भाजपा नेता जगमेंद्र जौली ने अपने पार्टी हाईकमान से खुली मांग की कि आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा गोहाना हलके से किसी भी पुराने कार्यकर्ता को टिकट दे। उन्होंने कहा कि बाहरी व्यक्ति को टिकट न दिया जाए।
जगमेंद्र जौली शहर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। सहयोगी नेता नरेंद्र जौली के साथ आयोजित इस पत्रकार वार्ता में उन्होंने हलके में बी.सी.ए. की आबादी अधिक होने के आधार पर टिकट के लिए अपना दावा भी ठोका । उनके अनुसार वह जब से राजनीति में आए हैं, पहले दिन से भाजपा में हैं तथा किसी ओर दल की तरफ कभी झांक कर भी नहीं देखा । उनके अनुसार वह गांव-गांव गली-गली जाएंगे तथा हर घर से संपर्क कर जनता की समस्याओं का निवारण करवाएंगे।
गोहाना भाजपा मंडल के पूर्व महामंत्री जगमेंद्र जौली जब जिला पार्षद थे, तब उनको पहले रेलवे बोर्ड और फिर एफ. सी. आई. का सदस्य नियुक्त किया गया था। उनके अनुसार जिला पार्षद रहते उन्होंने 5 करोड़ रुपए से ज्यादा के विकास कार्य करवाए थे। पूर्व जिला पार्षद ने बाहरी व्यक्ति को प्रत्याशी बनाए जाने का इस आधार पर विरोध किया कि उसे स्थानीय ज्ञान नहीं होता और इस के चलते क्षेत्र का वांछित विकास नहीं हो पाता ।
उन्होंने जोर दे कर कहा कि भाजपा किसी भी जाति, किसी भी समाज के अपने किसी भी पुराने कार्यकर्ता को टिकट दे दे, पर बाहरी व्यक्ति को मौका न दे। जगमेंद्र जौली ने कहा कि अगर उन्हें उम्मीदवार नहीं बनाया गया, तब भी पार्टी जिसे कमल का फूल दे कर भेजेगी, उसकी वह तन-मन-धन से हर संभव मदद करेंगे।



