मोहन लाल बड़ौली के प्रदेश अध्यक्ष बनने पर गोहाना में एक साथ मनी होली और दीवाली


गोहाना :- 9 जुलाई : मंगलवार को जैसे ही राई के विधायक और भाजपा के प्रदेश महामंत्री मोहन लाल बड़ौली को हरियाणा भाजपा की कमान सौंपने की घोषणा हुई, गोहाना शहर में जगह-जगह जश्न प्रारंभ हो गए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पटाखे बजा कर और रंग उड़ा कर दीवाली और होली को एक साथ मना डाला । भाजपा के प्रदेश सचिव पं. उमेश शर्मा ने कहा कि मोहन लाल बड़ौली एक छोटे से कार्यकर्ता से प्रदेश अध्यक्ष जैसे शीर्ष पद पर पहुंचे हैं ।उन्हें एक सामान्य कार्यकर्ता और जनता के हर दुख-तकलीफ का बखूबी और पूरा अहसास है। शर्मा ने कहा कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने बड़ा सोच समझ कर बड़ौली को राज्य भाजपा की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें हाईकमान ने हमेशा जनता और कार्यकर्ताओं के बीच में बने रहने का पुरस्कार दिया है।
गोहाना नगर परिषद की चेयरपर्सन रजनी इंद्रजीत विरमानी ने कहा कि भाजपा हाईकमान से सही समय पर एक सही नेता को भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। मोहन लाल बड़ौली हमेशा सब को साथ लेकर चले हैं तथा उन्होंने सब का मान-सम्मान भी किया है। नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में तीसरी बार राज्य में भाजपा की सरकार बनने में निश्चित रूप से उनकी अहम भूमिका रहेगी । बरोदा हलके के पूर्व विधायक रामफल चड़ाना, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष तीर्थ सिंह राणा और पूर्व जिला उपाध्यक्ष बलराम कौशिक, बरोदा हलके के पूर्व प्रत्याशी योगेश्वर दत्त, गोहाना बार एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेंद्र आर्य आदि ने भी मोहन लाल बड़ौली को नया प्रदेश अध्यक्ष बनाने के लिए पी.एम. नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रदेश के सी.एम. नायब सिंह सैनी के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया ।



