भाजपा के पंचायती राज प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक परमवीर सैनी का दावा ; गोहाना के सैनी बाहुल्य 3 गांवों में बड़ौली को 5182 तो ब्रह्मचारी को मिले 964 ही वोट

गोहाना :-10 जून : सोनीपत लोकसभा क्षेत्र के चुनाव में बेशक विजय कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल ब्रह्मचारी की हुई, लेकिन गोहाना हलके के सैनी बाहुल्य 3 गांवों में भाजपा प्रत्याशी मोहन लाल बड़ौली को 4218 वोटों की लीड हासिल हुई। गढ़ी उजाले खां, गढ़ी सराय नामदार खां और सैनीपुरा गांवों में ब्रह्मचारी को केवल 964 वोट ही मिले जब कि बड़ौली को प्राप्त वोटों की संख्या 5182 रही। भाजपा के पंचायती राज प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक और सोनीपत भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री परमवीर सैनी के अनुसार सैनीपुरा गांव में एक ही बूथ था। 5 नंबर के इस बूथ पर सतपाल ब्रह्मचारी को 147 तो मोहन लाल बड़ौली को 348 वोट मिले। गढ़ी उजाले खां गांव में चार बूथ थे। इन में बूथ नंबर 6 पर कांग्रेस को सिर्फ 82 जब कि भाजपा को 772 वोट मिले। बूथ नंबर 7 पर कांग्रेस को 151 और भाजपा को 559 वोट, बूथ नंबर 8 पर दोनों को क्रमश: 122 और 670 वोट तथा बूथ नंबर 9 पर क्रमशः 41 और 717 वोट मिले। गढ़ी सराय नामदार खां गांव में 3 बूथ थे । बूथ नंबर 41 पर कांग्रेस को 197 और भाजपा को 594, बूथ नंबर 42 पर क्रमश: 71 और 823 तथा बूथ नंबर 43 पर क्रमश: 153 और 662 वोट मिले। बूथ नंबर 42 ने अकेले ही भाजपा प्रत्याशी को 752 वोटों की लीड दे दी ।



