गोहाना के गीता विद्या मंदिर में विद्यार्थियों संग शिक्षकों ने किया महात्मा बुद्ध को नमन
गोहाना :-23 मई : शहर में गुढ़ा रोड पर स्थित गीता विद्या मंदिर में गुरुवार को बुद्ध पूर्णिमा पर महात्मा बुद्ध को नमन किया गया। स्कूल के विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों ने भी बुद्ध के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि समारोह के लिए तत्वावधान विवेकानंद सदन का रहा। अध्यक्षता स्कूल के प्रिंसिपल अश्विनी कुमार ने की। उन्होंने बुद्ध को भगवान विष्णु का छठा अवतार बताया। उनके अनुसार बुद्ध ने चार आर्य सत्यों के लिए अष्टांग मार्ग का अनुसरण करने के लिए प्रेरित किया। ये अष्टांग मार्ग सम्यक दृष्टि, संकल्प, वाक, जीविका, प्रयास, स्मृति और समाधि हैं। यह मानव जीवन के लिए सर्वश्रेष्ठ मार्ग है। ये मार्ग हमें उद्देश्य पूर्वक जीवन जीने का संदेश देते हैं।
कक्षा 10 के छात्र रवि ने महात्मा बुद्ध के कृतित्व और व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। रवि ने कहा कि वैशाख शुक्ल पूर्णिमा को बुद्ध पूर्णिमा के साथ पीपल पूर्णिमा भी कहा जाता है। बुद्ध पूर्णिमा के दिन बिहार के गया शहर में बौद्ध धर्म को मानने वाले दुनिया भर के अनुयायी पहुंचते हैं।
इस आयोजन में महात्मा बुद्ध के जीवन पर आधारित प्रश्नोत्तरी भी आयोजित की गई। प्रश्नोत्तरी का संचालन यश सांगवान ने किया ।


