गोहाना में पी.एम. से भेंट का वक्त न मिलने से भाकियू मायूस
गोहाना :-17 मई : दो दिन पहले एस.डी.एम. कार्यालय को दिए गए ज्ञापन में भारतीय किसान यूनियन ने प्रशासन से आग्रह किया गया था कि शनिवार को पी.एम. नरेंद्र मोदी के गोहाना आगमन पर उसके प्रतिनिधिमंडल को उनसे मिलवा दिया जाए। लेकिन भेंट के वक्त की कोई सूचना न मिलने पर भाकियू मायूस है। उसने अब तक उम्मीद का दामन नहीं छोड़ा है। लेकिन अगर पी.एम. से मुलाकात नहीं हुई, तब भाकियू रविवार को अपनी अगली रणनीति तय करेगी ।
भाकियू के बैनर तले सोनीपत जिले का जिला स्तरीय धरना 29 जनवरी से गोहाना में लघु सचिवालय में जारी है। किसान 2021 और 2022 में खराब हुई अपनी फसलों का मुआवजा चाहते हैं। वह रिलायंस बीमा कम्पनी केस भी दर्ज करवाना चाहते हैं जिसने उनकी पॉलिसियां अवैध रूप से और समय बीत जाने के बाद रद्द कर दीं।
भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यवान नरवाल के अनुसार किसान चाहते हैं कि गोहाना आ रहे पी.एम. मोदी से उनकी मुलाकात करवा दी जाए। इसी मुलाकात के लिए थ्रू प्रोपर चैनल चलते हुए एस.डी.एम. के माध्यम से पी.एम. और डी.सी. से लिखित गुजारिश की गई।
नरवाल ने कहा कि किसानों को पूरी उम्मीद थी कि प्रशासन उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए उन्हें पी. एम. से रू-ब-रू करवा देगा। लेकिन अब तक प्रत्युत्तर में कोई सूचना न मिलने से निश्चित रूप से मायूसी है, लेकिन किसानों को अब भी भरोसा है कि प्रशासन उनकी भेंट पी. एम. से करवा देगा।
भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि अगर किसानों को शनिवार को पी. एम. से नहीं मिलवाया गया, तब वे रविवार को धरना स्थल पर ही अपनी पंचायत करेंगे जिसमें मुआवजे को हासिल करने के आंदोलन को और तेज करने पर विचार किया जाएगा।
इस अवसर पर वजीर सिंह नरवाल, सूरजभान चहल, राम किशन मलिक, पाला राम मदीना, साहब सिंह मलिक, सत्यवान राठी, दलशेर राठी, राजबीर धनाना आदि भी मौजूद रहे।