पी.एम. 18 को गोहाना में संबोधित करेंगे 4 लोकसभा क्षेत्रों की रैली
गोहाना :-12 मई : पी. एम. नरेंद्र मोदी दस साल के लंबे अंतराल के बाद एक बार पुन: गोहाना को दस्तक देंगे ।
वह 18 मई को दोपहर बाद 3:30 बजे शहर में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के सेक्टर 16 के मैदान में चार लोकसभा क्षेत्रों की रैली को संबोधित करेंगे।
रविवार की शाम को पुलिस और प्रशासन के आलाा अधिकारियों ने भाजपा दिग्गजों के साथ रैली स्थल का निरीक्षण किया ।
2014 के लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च को शहर की नई सब्जी मंडी में रैली को संबोधित किया था । 2019 के चुनाव में गृह मंत्री अमित शाह ने सेक्टर 16 के ही मैदान में रैली की थी।
नरेंद्र मोदी जिस कलस्टर की रैली को गोहाना में संबोधित करने आ रहे हैं, उस कलस्टर में सोनीपत लोकसभा क्षेत्र के साथ रोहतक लोकसभा क्षेत्र, करनाल लोकसभा क्षेत्र और कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र आते हैं। सेक्टर 16 के मैदान पर पी.एम. का रैली स्थल नेशनल हाईवे 709 पर गोहाना हवेली से ले कर खानपुर कलां मार्ग के फ्लाईओवर पर सोनीपत रोड के अंडर ब्रिज से खानपुर कलां रोड के अंडर ब्रिज तक होगा। रैली में मोदी के साथ सी. एम. नायब सिंह सैनी, पूर्व सी. एम. मनोहर लाल खट्टर सहित विभिन्न भाजपा दिग्गज पहुंचेंगे।
रैली को विजय संकल्प रैली नाम दिया गया है। रैली स्थल के अवलोकन के लिए सोनीपत पुलिस कमीश्नरेट के सी.पी. सतीश बालन, सोनीपत के डी. सी. डॉ. मनोज कुमार और गोहाना के एस.डी.एम. विवेक आर्य अधिकारियों के लंबे-चौड़े काफिले के साथ पहुंचे। उनके
साथ सोनीपत भाजपा के जिला अध्यक्ष जसबीर दोदवा, वरिष्ठ नेता बलराम कौशिक, इंद्रजीत विरमानी, परमवीर सैनी और निशांत छौक्कर भी रहे ।
रैली स्थल पर चार हेलीपैड बनाने का निश्चय किया गया। तीन हेलीपैड पी.एम. के साथ आने वाले हेलीकॉप्टरों जब कि चौथा हेलीपैड प्रदेश के सी. एम. नायब सिंह सैनी के हेलीकॉप्टर के लैंड करने के लिए होगा ।
विडम्बना यह है कि जिस सेक्टर 16 की जमीन पर पी. एम. की रैली होनी है, उस जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया को तत्कालीन हुड्डा सरकार ने 2013 में ही पूरा कर दिया था तथा उसके बाद 10 नवंबर 2013 को भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मोदी की रैली स्थल के सामने की जमीन पर प्रदेश स्तर की हरियाणा गौरव रैली को संबोधित किया था।
11 साल बीत चुके हैं, दो बार भाजपा की सरकार बन चुकी है, लेकिन इस सेक्टर 16 के साथ दूसरे आवासीय सेक्टर 13 और ट्रांसपोर्ट सेक्टर 17 में एक ईंट तक नहीं लगी।



