गोहाना हलके और बरोदा हलके के गांवों में पूर्व डिप्टी सी.एम. दुष्यंत चौटाला ने जजपा प्रत्याशी भूपेंद्र सिंह मलिक के समर्थन में सभाएं कर मांगा समर्थन
सोनीपत को बताएं हुड्डा, क्यों थोपा उत्तराखंड का आदमी : दुष्यंत
गोहाना :-10 मई : पूर्व सी. एम. भूपेंद्र सिंह हुड्डा को जवाब देना ही होगा कि सोनीपत पर आखिर उन्होंने उत्तराखंड के एक आदमी को क्यों थोपा । कांग्रेस उम्मीदवार का वोटर कार्ड भी वहीं का है।
यह टिप्पणी गोहाना हलके और बरोदा हलके के गांवों के दौरे में पूर्व डिप्टी सी.एम. दुष्यंत चौटाला ने की। दुष्यंत चौटाला जजपा प्रत्याशी भूपेंद्र सिंह मलिक के समर्थन में सभाएं संबोधित कर रहे थे। उन्होंने भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर खुला आरोप लगाया कि केवल रोहतक से अपने बेटे को जिताने के लिए वह भारतीय जनता पार्टी से मिल गए हैं। जजपा पार्टी ने अल्पमत में आ चुकी प्रदेश सरकार के फ्लोर टेस्ट के लिए गवर्नर को पत्र लिख दिया, पर कांग्रेस ने ऐसा कोई पत्र अब तक न लिखा है, न गवर्नर से मुलाकात की है ।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि यह फ्लोर टेस्ट से ही क्लियर होगा कि नायब सिंह सैनी के बाद सदन का बहुमत है या नहीं। उन्होंने सम्पूर्ण विपक्ष से अपील की कि वह एकजुट हो कर इस सरकार को गिरा दे। दूसरे दलों के विधायक संपर्क में होने के भाजपा के दावे पर उन्होंने कहा कि संपर्क तो कोई भी किसी से भी कर सकता है।
दुष्यंत चौटाला ने पूर्व सी.एम. पर यह आरोप भी लगाया कि उन्होंने करनाल सीट पर पूर्व सी. एम. मनोहर लाल खट्टर के मुकाबले जानबूझकर एक ऐसा कमजोर उम्मीदवार खड़ा किया है जो अदालत द्वारा भगौड़ा घोषित किया जा चुका है ।
जजपा को भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा वोट काटू बताने पर दुष्यंत ने कटाक्ष किया कि उम्र बढ़ने के साथ वह पुरानी बातें रिपीट करने लगे हैं। यही बात उन्होंने 5 साल पहले विधानसभा चुनाव में भी कही थी। पूर्व डिप्टी सी. एम. ने कहा कि हुड्डा को अपनी सरकार के कारनामों को भूलना नहीं चाहिए ।
दुष्यंत चौटाला ने भाजपा पर भी तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि भाजपा वाले 400 पार कहना छोड़ गए हैं। भूपेंद्र सिंह मलिक ने कहा कि कांग्रेस वाले गंगाघाट तो भाजपा वाले यमुनाघाट से उम्मीदवार को ले कर आए हैं।



