आजाद हिंद देशभक्त मोर्चे के मुख्य संरक्षक आजाद सिंह दांगी ने कहा-भगवान राम वन में गए तो श्रीराम बन गए
गोहाना :-17 अप्रैल : आजाद हिंद देशभक्त मोर्चे के मुख्य संरक्षक आजाद सिंह दांगी ने कहा कि भगवान राम सत्य, न्याय और सदाचार के द्योतक हैं। वह वन में गए तो राम से श्रीराम बन गए। दांगी राम नवमी पर्व पर मेन बाजार में जनकपुरा गेट स्थित श्री राम साईं मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य वक्ता पहुंचे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता हरभगवान चोपड़ा ने की तथा संयोजन मंदिर के पुजारी जगदीश शर्मा ने किया। आजाद सिंह दांगी ने कहा कि पूरा विश्व चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की नवमी को भगवान राम जन्मोत्सव के रूप में मनाता है। जीवन की विषमतम परिस्थितियों में भी भगवान राम अविचलित रहे तथा उन्होंने मानव को सिखाया कि किस प्रकार से जीवनयापन करना चाहिए। उनका राज्य युग-युगांतर से आदर्श राज्य माना जाता है ।
हरभगवान चोपड़ा ने कहा कि श्रीराम सच्चे अर्थों में मर्यादा पुरुषोत्तम थे । उन्होंने जीवन के प्रत्येक सम्बन्ध को नए सिरे से पारिभाषित किया। इस अवसर पर हरीश सुनेजा, मोनू खुराना, राकेश सतीजा, गुलशन नारंग, नरेश पांचाल, सतबीर पौडिया, राजपाल कश्यप, जय करण प्रजापति, जगदीश पटवा, महेंद्र सिंह आदि भी उपस्थित रहे।


