गोहाना के जवाहरलाल नेहरू पार्क में 34 लाख रुपए से सिंथेटिक ट्रैक निर्माण का शिलान्यास
गोहाना :-24 फरवरी नगर परिषद द्वारा शहर में जींद रोड स्थित जवाहरलाल नेहरू पार्क में 34 लाख रुपए से सिंथेटिक ट्रैक तैयार करवाया जाएगा। इसके साथ में पार्क में पर्याप्त रोशनी के लिए लाइटें लगाई जाएंगी। नगर परिषद की चेयरपर्सन रजनी इंद्रजीत विरमानी ने वाइस चेयरपर्सन राजबाला मलिक की अध्यक्षता में दोनों कार्यों के लिए शिलान्यास किया।
वर्तमान में सिंथेट्रिक ट्रैक केवल अमर शहीद मदन लाल धींगड़ा स्टेडियम में स्थित है। शहर में जींद मार्ग पर न्यात कॉलोनी, शिव नगर, श्रीराम शरणम कॉलोनी, रेलवे कॉलोनी, राम नगर से यह स्टेडियम दूर है। इन कॉलोनियों के युवाओं को स्टेडियम में जाने में शहर में जाम से जूझना पड़ता है। स्टेडियम में अधिक भीड़ होने पर युवाओं को दौड़ लगाने के लिए इंतजार भी करना पड़ता है।
विभिन्न कॉलोनियों के युवाओं की मांग थी कि जींद रोड स्थित जवाहरलाल नेहरू पार्क में सिंथेटिक ट्रैक तैयार करवाया जाए। नगरपरिषद यहां पर 34 लाख रुपये की लागत से लगभग 500 मीटर लंबा ट्रैक तैयार करवाएगी। यहां पर्याप्त रोशनी करने के लिए 15 लाख रुपये की लागत से लाइटें लगाई जाएंगी। शनिवार शाम को चेयरपर्सन रजनी इंद्रजीत विरमानी ने वाइस चेयरपर्सन राजबाला मलिक की अध्यक्षता में दोनों कार्यों का शिलान्यास किया।
इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता इंद्रजीत विरमानी और डॉ. ओम प्रकाश शर्मा, गोहाना बार एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेंद्र आर्य, गोहाना केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप चहल के साथ नगर पार्षद मुकेश देवगन, राजेश कुमार, जतीश कपूर, राम सिंह सैनी, जगदीश राय मदीना, नरेंद्र कुमार, सुमन सैनी, भगवती राजपाल आदि मौजूद रहे।


