लंबित शिकायतों के समाधान को प्राथमिकता दें अधिकारी: एसडीएम अंकित कुमार
समाधान शिविर में जनहित के मामलों पर हुई सीधी सुनवाई


गोहाना,(अनिल जिंदल) 11 जून। गोहाना के लघु सचिवालय में गुरुवार को आयोजित समाधान शिविर में आज एसडीएम अंकित कुमार ने आमजन से जुड़े विभिन्न मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। शिविर में पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याओं एवं मांगों को समाधान शिविर में रखा।
समाधान शिवर के दौरान फैमिली आईडी ठीक करवाने बारे, नई सब्जी मंडी के साथ लगती झुग्गियों में आग लगने बारे, इंतकाल दर्ज करवाने बारे, बिजली कनेक्शन लगवाने व जमीन से अवैध कब्जा हटवाने जैसी शिकायतें प्राप्त हुई। जिनमें से कुछ समस्याओं का समाधान मौके पर किया गया तथा अन्य समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के पास भेजा गया।
शिविर के दौरान एसडीएम अंकित कुमार ने स्पष्ट किया कि जिन मामलों का समाधान स्थानीय स्तर पर संभव है, उन्हें अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी समस्याओं का समय पर समाधान होने से लोगों का समाधान शिविर पर विश्वास और अधिक मजबूत होता है।
समाधान शिविर के दौरान कई मामलों में विभागीय अधिकारियों से शिकायतों के लंबित रहने के कारणों की पूछताछ की गई । तथा आवश्यक कार्यवाही के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई। एसडीएम ने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य केवल आवेदन प्राप्त करना नहीं, बल्कि शिकायतों के समाधान को अंतिम निष्कर्ष तक पहुंचाना है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता और पारदर्शिता दोनों का विशेष ध्यान रखा जाए। जिन मामलों में फील्ड निरीक्षण की आवश्यकता है, उनमें तेजी लाकर लोगों को समय पर राहत प्रदान की जाए।
इस अवसर पर तहसीलदार शिखा, नायब तहसीलदार अंजू, नगर परिषद ईओ दीपक गोयल, नगर परिषद सचिव सुंदर शर्मा, पीडब्ल्यूडी विभाग से एसडीओ अशोक कुमार, बिजली विभाग से एसडीओ कपिल यादव, सिंचाई विभाग से विशाल शर्मा वह एएफएसओ राजेश हुड्डा सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।



