भारतीय जनता पार्टी के 45 वें स्थापना दिवस पर सहकारिता मंत्री ने गोहाना में अपने आवास पर किया ध्वजारोहण, कार्यकर्ताओं संग लगाए भारत माता की जय के नारे
कार्यकर्ताओं के समर्पण की बदौलत विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन भाजपा : डॉ अरविंद शर्मा
गोहाना, 6 अप्रैल। सहकारिता, कारागार, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि कार्यकर्ताओं के राष्ट्र के प्रति समर्पण भाव की बदौलत और डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय की विचारधारा और मजबूत नेतृत्व की बदौलत भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक संगठन बना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि हमें मिलकर राष्ट्र विरोधी ताकतों का सामना करते हुए अपने देश और संगठन को सशक्त बनाना है।
भारतीय जनता पार्टी के 45 वें स्थापना दिवस के मौके पर सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने अपने गोहाना सेक्टर 7 स्थित आवास पर पार्टी का झंडा फहराया व कार्यकर्ताओ भारत माता, डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। अपने संबोधन में सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने विश्व के सबसे बडे लोकतांत्रिक राजनीतिक संगठन भारतीय जनता पार्टी के 45वें स्थापना दिवस अवसर पर संगठन की मजबूत नींव के आधार कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दी।
उन्होंने कहा कि वर्ष 1980 में भारतीय जनता पार्टी द्वारा राष्ट्र के प्रति समर्पण भाव, सामाजिक ताने-बाने को सशक्त बनाने की प्रक्रिया निरंतर जारी है। वर्ष 1984 में भाजपा 2 सीटों के साथ देश की सबसे बडी पंचायत में पहुंची थी और आज सर्वश्रेष्ठ नेतृत्व के साथ भाजपा विश्व में भारत को गौरवान्वित कर रही है। भाजपा के पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी से लेकर वर्तमान में जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व तक संगठन ने जो विस्तार प्राप्त किया है, वह देश की जनता की निरंतर उम्मीदों पर खरा उतरने के फलस्वरूप संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि लाखों कार्यकर्ताओं के बलिदान, संघर्ष की बदौलत भाजपा आज देश को अंदरूनी और बाहरी मोर्चे पर मजबूत बनाने में कामयाब रही है। मुझे खुशी है कि हम एक ऐसे संगठन के कार्यकर्ता हैं, जहा राष्ट्र प्रथम, संगठन द्वितीय तथा परिवार तृतीय प्राथमिकता रहता है।
कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि ऐसे भाव और संस्कार केवल और केवल भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता में ही देखने को मिलते हैं। अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व से लेकर नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा राष्ट्र की प्रगति को रोकने वाली तमाम चुनौतियों का सामना करके, असामाजिक एवं राष्ट्र विरोधी विचारधाराओं को सबक सिखाते हुए कडे मगर समय के अनुरूप निर्णय ले रही है। उन्होंने कहा कि आज हम डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी और लाखों ज्ञात-अज्ञात कार्यकर्ताओं के बलिदान पर उनकी विचारधारा को मजबूती से आगे बढा रहे हैं तथा पंडित दीन दयाल उपाध्याय जी के समाज के अंतिम छोर पर अंतिम पंक्ति में मौजूद अंतिम व्यक्ति तक कल्याणकारी योजना का लाभ पहुंचना सुनिश्चित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली के नेतृत्व में हरियाणा निरन्तर विकास पथ पर आगे बढ़ रहा है।
इस अवसर पर गोहाना भाजपा मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र मुदगिल, खानपुर कलां मंडल अध्यक्ष प्रवीण खुराना, पूर्व मंडल अध्यक्ष सुमित कक्कड़, हरिमोहन, बबलू वाल्मीकि, कृष्ण शर्मा, संजय, राजू पटवा, कुलदीप कौशिक, रामभगत फौजी आदि उपस्थित रहे।


