पंजाब के सी.एम. भगवंत मान 12 अगस्त को गोहाना में संबोधित करेंगे आम आदमी पार्टी की रैली
गोहाना :-25 जुलाई : पंजाब के सी.एम. भगवंत मान 12 अगस्त को गोहाना में रैली को संबोधित करेंगे। यह जानकारी अपने बदलाव जनसंवाद कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के नेता संदीप मलिक ने दी । वह बरोदा हलके के बलि ब्राह्मणान और कटवाल गांवों के ग्रामीणों से मुखातिब हो रहे थे ।
संदीप मलिक के अनुसार आम आदमी पार्टी 15 दिन में पूरे प्रदेश में 45 रैलियों का आयोजन करेगी। इन रैलियों में पंजाब के सी.एम. भगवंत मान, दिल्ली के सी.एम. अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल, राज्यसभा सांसद संजय सिंह और पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री संदीप पाठक पहुंचेंगे। आम आदमी पार्टी के नेता मलिक ने कहा कि संसदीय चुनाव में कांग्रेस पार्टी सोनीपत सीट को उनकी पार्टी की बदौलत जीत पाई। उन्होंने कहा कि 2014 और 2019 की भांति ताजा चुनाव में भी कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ता अगर आम आदमी पार्टी का समर्थन नहीं होता । संदीप मलिक ने कहा कि बरोदा विधानसभा क्षेत्र के 3 नवंबर 2020 को हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने जो भी वायदे किए थे, उनमें किसी भी वायदे को पूरा नहीं किया गया। इस अवसर पर विनोद कश्यप, मोहित कुमार, राजेंद्र कुमार, राम मेहर सिंह, कुलदीप शर्मा, राजेश शर्मा, अशोक वाल्मीकि, सुरजीत सिंह आदि मौजूद रहे।



