टिकट बांटना-काटना हाई कमान के हाथ, हमारा काम केवल झंडा बुलंद करना-पंडित उमेश शर्मा
मोदी ही भाजपा हैं, भाजपा ही मोदी है : पं. उमेश शर्मा
गोहाना :-4 मार्च: पी. एम. नरेंद्र मोदी ही भारतीय जनता पार्टी हैं। भाजपा ही मोदी है। सोमवार को यह टिप्पणी भाजपा के नए प्रदेश सचिव पं. उमेश शर्मा ने की। उन द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में पत्रकारों ने उनसे सवाल किया था कि गारंटी मोदी की क्यों, भाजपा की क्यों नहीं।
पं. उमेश शर्मा ने होली मिलन समारोह गोहाना-खरखौदा मार्ग पर स्थित अपने फार्म हाउस पर आयोजित किया। उन्होंने कहा कि टिकट बांटना या काटना हाई कमान के हाथ है, हमारा काम केवल पार्टी के झंडे को बुलंद करना है। भाजपा के नए प्रदेश मंत्री सोनीपत संसदीय सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। इसी सीट से स्वयं के दावेदार होने के बारे में पं. उमेश शर्मा ने कहा कि हाई कमान जिस किसी का कमल का फूल थमाएगा, पूरी पार्टी एक अनुशासित सिपाही की तरह से तन-मन-धन से उसकी मदद करेगी।
भाजपा के नए प्रदेश सचिव ने कहा कि पार्टी का एकमात्र लक्ष्य एक बार दोबारा से प्रदेश की सभी दस की दस सीटों पर कमल खिलाने का है। पार्टी किस को प्रत्याशी
बनाती है, इससे ज्यादा महत्वपूर्ण यह है कि उसकी जीत सुनिश्चित करने में कोई कोर-कसर बाकी नहीं रहने दी जाएगी। उनके अनुसार यह भाजपा ही है जो आखिरी कतार में बैठे अपने किसी सबसे छोटे कार्यकर्ता को चुनाव लड़ने का मौका दे देती है। पार्टी किसी भी कार्यकर्ता की तपस्या को व्यर्थ नहीं जाने देती।
पं. उमेश शर्मा ने कहा कि प्रदेश के प्रत्याशियों की सूची पर मंथन चल रहा है तथा नामों की घोषणा अति शीघ्र कर दी जाएगी।


