कहा : पी. एम. की लोकप्रियता से डर कर कांग्रेसी बच रहे हैं चुनाव लड़ने से
सभी दस सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला केंद्रीय नेतृत्व का : सैनी
गोहाना :-3 मार्च : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी ने रविवार को स्पष्ट कर दिया कि भाजपा राज्य की सब दस सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि यह फैसला भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व का है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पी.एम. की लोकप्रियता के डर से कांग्रेस के दिग्गज नेता चुनाव लड़ने से बच रहे हैं।
नायब सिंह सैनी गोहाना में कथुरा गांव में जनसभा को संबोधित करने के लिए आए थे।
जजपा से गठबंधन और उसे लोकसभा चुनाव में कोई सीट देने के सवाल पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने दो टूक कहा कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने संसदीय चुनावों में प्रदेश की सभी दस सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े करने का फैसला किया है। यह फैसला पार्टी हाईकमान का है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने इंडिया गठबंधन को घमंडिया गठबंधन की संज्ञा दी। उन्होंने उपहास उड़ाया कि पी. एम. की लोकप्रियता के आगे हार के खौफ से कांग्रेस. इलेक्शन से बच रहे हैं।उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के नेता पराजय के खौफ से खुद चुनाव न लड़ कर दूसरे दलों को चुनाव लड़ने के लिए कह रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि देश और प्रदेश की जनता मोदी के साथ है तथा आने वाले चुनावों में इंडिया गठबंधन का सूपड़ा पूरी तरह से साफ हो जाएगा।
नायब सिंह सैनी ने इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष और बहादुरगढ़ के पूर्व विधायक नफे सिंह राठी की हत्या को दुर्भाग्यपूर्ण करारे दिया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस हत्याकांड में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उनके अनुसार इस हत्याकांड में एस.आई.टी. गठित की जा चुकी है।
शनिवार को हुई ओलावृष्टि को ले कर सैनी ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रत्येक प्राकृतिक आपदा में किसानों की सहायता की है।


