कथूरा गांव में बोले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष : कांग्रेस को वोटों तो मोदी को देश की चिंता
गोहाना :-3 मार्च : आप मतदाता हमारे भगवान हैं और हम आप के पुजारी हैं। रविवार की दोपहर यह टिप्पणी हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी ने की। उन्होंने तीसरी बार नरेंद्र मोदी को पी. एम. बनाने के लिए प्रदेश की सभी दस सीटों पर कमल खिलाने का आह्वान किया। सैनी ने कहा कि कांग्रेस देश की नहीं, वोटों की चिंता करती थी। लेकिन मोदी ने देश की चिंता करते हुए जनहित में अनेक कड़े फैसले लिए। सैनी ने कहा: आप मोदी की ताकत हैं।
नवाब सिंह सैनी बरोदा हलके के कथूरा गांव में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस जनसभा में सोनीपत जिला परिषद के वार्ड नंबर 2 के जिला पार्षद तकदीर सिंह नरवाल अपने साथियों समेत भाजपा में सम्मिलित हुए।
कार्यक्रम में सोनीपत लोकसभा क्षेत्र के सांसद रमेश कौशिक, प्रदेश के कृषि मंत्री जे. पी. दलाल, पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर, राई के विधायक और भाजपा के प्रदेश महामंत्री मोहन लाल बड़ौली, प्रदेश मंत्री पं. उमेश शर्मा और सोनीपत भाजपा के जिला अध्यक्ष जसबीर दोवा भी पहुंचे।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हमारी सरकार काम करने वाली सरकार है, बातें बनाने वाली नहीं। उन्होंने कहा कि हम यह नहीं कहते कि पूर्ववर्ती सरकारों ने कुछ नहीं किया, लेकिन जिस गति से देश का विकास होना चाहिए था, वह नहीं हुआ। मोदी सरकार के दस साल में भारत 12वें नंबर से तीसरे नंबर पर आ गया। पुरानी सरकारें गरीबी हटाने के केवल नारे भर देती थीं, लेकिन मोदी ने अपनी सरकार ही गरीबों को समर्पित कर दी।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि अयोध्या के राम मंदिर को लेकर लंबे समय तक राजनीति होती रही। यह हौव्वा खड़ा किया जाता रहा कि अगर वहां मंदिर बन गया, देश में खून की नदियां बह जाएंगी। लेकिन कहीं कोई पत्ता तक नहीं हिला। उन्होंने जोर दे कर कहा कि भगवान राम भारत के आराध्य हैं, वह हमारे देश की आत्मा हैं।
भाजपा दिग्गज ने कश्मीर से धारा 370 हटाए जाने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और अन्य क्षेत्रीय दल वहां राजनीतिक रोटियां सेंकते थे। लेकिन पी.एम. नरेंद्र मोदी ने जवानों को छूट दी कि कोई एक गोली चलाए तो तुम 100 गोलियां चलाओ। उसी का परिणाम है कि न पत्थर चलाने वाले रहे, न पत्थरबाजी बची।
हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश में 55 साल तक एक ही परिवार का शासन रहा । हालांकि सांसद रमेश कौशिक मंच पर विराजमान थे, लेकिन नायब सिंह सैनी ने जनता से लोकसभा चुनाव में कमल के फूल को बड़े जनादेश से सफल बनाने की अपील की। उन्होंने पी. एम. नरेंद्र मोदी के साथ प्रदेश के सी.एम. मनोहर लाल खट्टर की तारीफों के पुल भी बांधे। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कथूरा को उप तहसील बनवाने, कथूरा खंड में सी.एच.सी. और सरकारी कॉलेज स्थापित करने का आश्वासन दिया। जिला पार्षद तकदीर नरवाल ने कथूरा गांव के जेल में बंद अक्षय नरवाल और अन्य युवाओं पर दर्ज केस रद्द कर उन को तुरंत रिहा करने की मांग की।
इस अवसर पर पूर्व विधायक रामफल चिड़ाना, नरवाल खाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष भले राम नरवाल के साथ योगेश्वर दत्त, तीर्थ सिंह राणा, इंद्रजीत विरमानी, सतीश नांदल, जय सिंह मलिक, मीना नरवाल, डॉ. ओम प्रकाश शर्मा, रणधीर लठवाल, भानु प्रकाश शर्मा आदि भाजपा नेता भी उपस्थित रहे। कथूरा जाते समय भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी गोहाना शहर में वाल्मीकि आश्रम में भी गए।



