बरोदा हलके के कांग्रेस विधायक इंदुराज नरवाल ने कहा-पढ़े-लिखे युवाओं को बेरोजगारों की कतार में बदला ; कौशल रोजगार निगम को डिजिटल लेबर चौक बताया
गोहाना :-2 मार्च: बरोदा हलके के कांग्रेस विधायक इंदुराज नरवाल ने शनिवार को कहा कि केंद्र की मोदी और हरियाणा की खट्टर – दुष्यंत सरकार के डबल इंजन ने पढ़े-लिखे युवाओं को बेरोजगारों की ऐसी कतार में बदल दिया है, जो हर जगह खड़ी मिलती है।
नरवाल शहर में नए बस स्टैंड के निकट स्थित अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कौशल रोजगार निगम को डिजिटल लेबर चौक की संज्ञा दी।
विधायक ने कहा कि बेरोजगारों की इस भीड़ में ग्रेजुएट, पोस्ट ग्रेजुएट और एम. एस. सी. से लेकर एम.टेक पास नौजवान भी मौजूद हैं। बेरोजगारी की चक्की में पिस रहे ये युवा सफाई कर्मी तक बनने को तैयार हैं। प्रदेश के सरकारी विभागों में 2 लाख से ज्यादा पद खाली पड़े हुए हैं। लेकिन उन पर पक्की भर्तियां करने की बजाय खट्टर दुष्यंत सरकार हरियाणवी प्रतिभाओं को ऐसे कामों में झोंक रही है, जहां उनकी योग्यता और कौशल का पूरा इस्तेमाल ही संभव नहीं है |
बरोदा हलके के विधायक ने कहा कि कौशल निगम के जरिए हो रही कच्ची भर्तियां भी ऐसा ही दलदल है। असल में कौशल निगम के तहत युवाओं को जो काम मिल रहा है, उसे न भर्ती कहा जा सकता है और न ही रोजगार । क्योंकि खुद सरकार द्वारा जारी कौशल निगम की पूरी पॉलिसी में रोजगार या नौकरी जैसे किसी भी शब्द का इस्तेमाल नहीं किया गया। न ही इसमें कहीं सैलरी का कोई जिक्र है। ये ठीक ऐसा ही है, जैसा हर शहर में एक लेबर चौक होता है। कौशल निगम भी एक डिजिटल लेबर चौक है, जिसमें पढ़े-लिखे योग्य युवाओं को दिहाड़ी पर रखा जाता है।
इंदराज नरवाल ने कहा कि कौशल रोजगार निगम में नियुक्त युवाओं को न उनको परी मजदूरी मिलेगी और न काम की गारंटी। बिना किसी नोटिस यो पूर्व सूचना के किसी भी पल कौशल निगम के मजदूर को काम से बाहर किया जा सकता है। उन्होंने मांग की कि गठबंधन खाली पड़े 2 लाख पदों पर पक्की भर्तियां करे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा-जजपा का गठबंधन हरियाणवियों को पोर्टल की दिहाड़ी और चपरासी के कामों तक सीमित करना चाहता है।


